Bisleri ने पानी के नमूनों पर FSSAI से समीक्षा मांगी, स्वतंत्र लैब जांच में मिले सही

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बोतलबंद पेयजल कंपनी बिसलेरी ने दावा किया है कि दो स्वतंत्र मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की जांच में पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने सभी गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। नियामक द्वारा मुकदमे की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी ने जांच नतीजों में आए इस अंतर की गहन समीक्षा की मांग की है। बिसलेरी ने स्पष्ट किया कि प्रभावित बैच को पहले ही बाजार से वापस ले लिया गया था।

बोतलबंद पेयजल विनिर्माता कंपनी बिसलेरी ने शनिवार को कहा कि दो मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की स्वतंत्र जांच में पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। कंपनी ने खाद्य नियामक एफएसएसएआई से प्रयोगशाला निष्कर्षों में अंतर के कारणों की जांच करने का आग्रह किया है। बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का यह बयान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के उस ताजा आदेश के बाद आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल से लिए गए एक नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया था कि जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित कंपनी की विनिर्माण इकाई से लिए गए एक नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया था। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सूक्ष्मजीवों का एक बड़ा समूह है। शोधित या बोतलबंद पानी में इसकी मौजूदगी यह दर्शाती है कि पानी के शुद्धिकरण में कहीं चूक हुई है या पाइपलाइन, टंकी अथवा पैकेजिंग स्तर पर गंदे पानी का रिसाव हुआ है।

सूत्रों ने कहा कि प्राथमिक और नामित, दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की सूचना दी थी, जिसके बाद नियामक ने 12 अगस्त, 2026 को उस विशिष्ट बैच (पीबी201) की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। एफएसएसएआई के ताजा आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए बिसलेरी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसने नियामक के निर्देश पर अपने बोतलबंद पेयजल के उक्त बैच को पहले ही बाजार से वापस मंगा लिया था, जिस पर 12 अगस्त, 2026 को प्रतिबंध लगाया गया था। कंपनी ने कहा कि उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच में अलग परिणाम सामने आए हैं।

कंपनी ने कहा, बिसलेरी ने अलग से एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच कराई, जिसमें पाया गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक और अन्य सभी लागू खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा करता है। इसके अलावा, एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य स्वतंत्र प्रयोगशाला में जांचे गए नमूनों की रिपोर्ट में भी कहा गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक के अनुरूप है। बिसलेरी ने कहा, नियामकीय और स्वतंत्र जांच के निष्कर्षों के बीच अंतर की गहन समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है।

कंपनी ने एफएसएसएआई से नमूना लेने की प्रक्रिया, परीक्षण पद्धति, प्रयोगशाला निष्कर्षों और परिणामों में अंतर के लिए जिम्मेदार किसी भी कारक की जांच करने का आग्रह किया। कंपनी ने उम्मीद जताई कि इस मामले का आकलन उन्हीं मानकों के आधार पर किया जाएगा जो पूरे उद्योग पर लागू होते हैं और वह तथ्यों को स्थापित करने के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेगी। इससे पहले, खाद्य नियामक ने गोवा स्थित कंपनी की एक विनिर्माण इकाई से लिए गए नमूने के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद भी कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़