BSNL की 4G सेवा, RBI ने भरा सरकार का खजाना, एन वाघुल का निधन, जानिए बिज़नेस की दुनिया में मई महीने में क्या कुछ हुआ

may month business news
प्रतिरूप फोटो
Creative Common
अरिहंत । Jun 1 2024 7:29PM

रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने 2023-24 के लिए भारत सरकार को 2.11 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करने का ऐलान किया है। दिग्गज बैंकर एन वाघुल का स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण 18 मई को उनका देहांत हो गया। वे 88 वर्ष के थे। बीएसएनएल ने इस साल अगस्त से पूरी तरह से भारतीय प्रौद्योगिकी पर आधारित 4जी सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है।

भारत सरकार ने दूरसंचार कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे भारतीय मोबाइल नंबर से आने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल्स पर प्रतिबंध लगाए। दूरसंचार विभाग ने बताया कि कुछ लोग भारतीय नागरिकों को भारतीय मोबाइल नंबर दिखाकर अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल कर रहे हैं, जिससे साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी होने की आशंका रहती है। दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर ने एक प्रणाली तैयार की है जो अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉलों की पहचान करने और उन्हें भारतीय टेलीकॉम ग्राहकों तक पहुंचने से रोकती है। अब टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे ऐसी अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉलों को रोकें। दूरसंचार विभाग के निर्देशों के अनुसार, भारतीय लैंडलाइन नंबरों के साथ आने वाली अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉलों को पहले से ही टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर द्वारा ब्लॉक किया जा रहा है।

रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने 2023-24 के लिए भारत सरकार को 2.11 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करने का ऐलान किया है। यह सर्वाधिक लाभांश भुगतान होगा, जो केंद्रीय बैंक ने अबतक किया है। यह एक साल पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। 2022-23 के लिए आरबीआई ने सरकार को 87,416 करोड़ रुपये का लाभांश दिया था। पिछला उच्चतम स्तर था 2018-19 में, जब रिजर्व बैंक ने सरकार को 1.76 लाख करोड़ रुपये का लाभांश दिया था। गवर्नर शक्तिकांत दास के अध्यक्षता में आयोजित आरबीआई की 608वीं बैठक में लाभांश भुगतान का निर्णय लिया गया।

दिग्गज बैंकर एन वाघुल का स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण 18 मई को उनका देहांत हो गया। वे 88 वर्ष के थे। वाघुल ने बैंकिंग उद्योग में कई शीर्ष पदों पर काम किया। उन्हें आईसीआईसीआई को एक सार्वजनिक वित्त संस्थान से निजी क्षेत्र के बैंक में बदलने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने 1985 से 11 वर्षों तक आईसीआईसीआई के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला।

बीएसएनएल ने इस साल अगस्त से पूरी तरह से भारतीय प्रौद्योगिकी पर आधारित 4जी सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है। इसमें नेटवर्क की अधिकतम गति को 40-45 मेगाबिट प्रति सेकंड (एमबीपीएस) रखा गया है। इस प्रायोगिक चरण के दौरान, 700 मेगाहर्ट्ज के प्रीमियम स्पेक्ट्रम बैंड के साथ 2,100 मेगाहर्ट्ज बैंड का भी उपयोग किया जाएगा।

पिछला महीना भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद खास रहा। 27 मई को भारतीय शेयर बाजार के सूचकांक सेंसेक्स ने पहली बार 76000 का आंकड़ा पार किया। वहीं एनएसई निफ्टी भी पहली बार अपने सर्वकालिक शिखर पर पहुँचा। 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 599.29 अंक चढ़कर 76,009.68 अंक के सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया था। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़