Maharashtra Cyber ने फर्जी FMGE सर्टिफिकेट रैकेट का किया भंडाफोड़, दो और आरोपी पकड़े गए

महाराष्ट्र साइबर विभाग ने विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा के फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस धोखाधड़ी मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या अब पांच हो गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने परीक्षा पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच बनाकर 20 से अधिक उम्मीदवारों के फर्जी प्रमाणपत्र तैयार किए थे।
मुंबई, नौ नवंबर महाराष्ट्र साइबर विभाग ने विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) के फर्जी प्रमाणपत्र बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी शिवम राकेश सिंह (31) और मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी धर्मेंद्र लक्ष्मण सिंह (29) के रूप में हुई है। शिवम को गिरोह का मुख्य तकनीकी संचालक बताया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, एमबीए की डिग्री रखने वाले और बुलंदशहर में अपना अस्पताल चलाने वाले शिवम सिंह ने कथित तौर पर धोखाधड़ी को तकनीकी रूप से अंजाम देने में प्रमुख भूमिका निभाई।
उसने 20 से अधिक उम्मीदवारों के लिए फर्जी एफएमजीई प्रमाणपत्र तैयार करने में मदद की। उन्होंने बताया कि यह मामला उन विदेशी चिकित्सा स्नातकों से जुड़ा है, जिन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) की अनिवार्य एफएमजीई स्क्रीनिंग परीक्षा पास किए बिना महाराष्ट्र चिकित्सा परिषद (एमएमसी) में पंजीकरण कराने के लिए कथित तौर पर फर्जी परीक्षा प्रमाणपत्र और संबंधित दस्तावेज हासिल किए थे। एमएमसी की ओर से दस्तावेजों में विसंगतियां पाए जाने के बाद इस गिरोह का खुलासा हुआ।
इसके बाद नोडल साइबर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा, शुरुआती जांच के बाद दो लाभार्थी उम्मीदवारों और एक बिचौलिये समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए पुलिस धोखाधड़ी के इस नेटवर्क तक पहुंची।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए परीक्षा और प्रमाणपत्र जारी करने वाले पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच हासिल की थी।
अन्य न्यूज़













