भारतीय Share Market में FPI की जोरदार वापसी, नवंबर में 1.54 लाख करोड़ का रिकॉर्ड निवेश

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 2 से 27 नवंबर के बीच घरेलू इक्विटी बाजार में अब तक का सबसे बड़ा मासिक प्रवाह दर्ज कराया। वैश्विक स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता शेयरों में बिकवाली और भारतीय कंपनियों की मजबूत आय के बीच यह निवेश आया है। इससे पहले नवंबर 2020 में 60,358 करोड़ रुपये के निवेश का पुराना रिकॉर्ड था।
वैश्विक स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े शेयरों में बिकवाली और घरेलू कंपनियों की आय में मजबूत वृद्धि के चलते विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है। विदेशी निवेशकों ने नवंबर में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है। एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार यह रिकॉर्ड निवेश विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा लगातार की गई निकासी के बाद आया है।
एफपीआई ने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये निकाले थे। आंकड़ों के मुताबिक एफपीआई ने दो से 27 नवंबर के बीच भारतीय शेयर बाजार में 1.54 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। इस महीने में अब केवल एक कारोबारी सत्र बाकी है और यह निवेश नवंबर, 2020 में दर्ज किए गए 60,358 करोड़ रुपये के पिछले मासिक रिकॉर्ड को पहले ही पार कर चुका है।
उल्लेखनीय है कि विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र को छोड़कर एफपीआई इस महीने के हर कारोबारी दिन शुद्ध खरीदार बने रहे। गौरतलब है कि एफपीआई ने मार्च में घरेलू शेयर बाजार से 1.17 लाख करोड़ रुपये की भारी निकासी की थी। ताजा निवेश के बाद 2026 में भारतीय शेयर बाजार से एफपीआई की कुल शुद्ध निकासी घटकर लगभग 1.41 लाख करोड़ रुपये रह गई है, जो कुछ सप्ताह पहले करीब तीन लाख करोड़ रुपये थी।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि एफपीआई ने पिछले 10 महीनों में भारत से जितनी राशि निकाली थी, उसका लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले नवंबर में बाजार में वापस आ गया है। एफपीआई ने वित्तीय सेवाओं - विशेष रूप से निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों - दूरसंचार, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं (एफएमसीजी), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और उपभोक्ता सेवाओं के शेयरों में बड़ी खरीदारी की।
अन्य न्यूज़













