गहरे समुद्र के 18 Oil Blocks के लिए DGH ने बदले नियम, रेवेन्यू शेयरिंग बोली खत्म

गहरे समुद्र के 18 Oil Blocks के लिए DGH ने बदले नियम, रेवेन्यू शेयरिंग बोली खत्म
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय ने गहरे और अति-गहरे समुद्र के 18 तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में अहम बदलाव किए हैं। अब श्रेणी-1 के उत्पादक बेसिन वाले ब्लॉक में कंपनियों को राजस्व हिस्सेदारी के बजाय प्रस्तावित अन्वेषण कार्यक्रमों के आधार पर परखा जाएगा। इसके अलावा बोली जमा करने की अंतिम समयसीमा बढ़ाकर 17 दिसंबर कर दी गई है।

भारत ने लगातार दो लाइसेंसिंग दौर में पेश किए गए गहरे और अति-गहरे समुद्र के 18 तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत उत्पादक बेसिन के लिए राजस्व-साझा बोली को समाप्त कर दिया गया है, सरकारी अन्वेषण कंपनियों के विदेशी साझेदारों के लिए वित्तीय योग्यता मानदंडों में ढील दी गई है और बोली लगाने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 17 दिसंबर कर दी गई है। हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच) द्वारा अधिसूचित इन बदलावों का मकसद भारत के तकनीकी रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण अपतटीय क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय तेल एवं गैस कंपनियों के लिए अधिक आकर्षक बनाना है।

ये कंपनियां ऐसे संभावित क्षेत्रों की खोज के लिए जरूरी पूंजी, प्रौद्योगिकी और गहरे समुद्र में खुदाई की विशेषज्ञता लाती हैं। संशोधित शर्तों के दायरे में मुक्त क्षेत्र लाइसेंसिंग नीति (ओएएलपी) बोली दौर-10 के तहत 13 ब्लॉक और ओएएलपी-11 के तहत पांच ब्लॉक आते हैं। ये सभी 18 ब्लॉक कुल मिलाकर भारत के पूर्वी और पश्चिमी अपतटीय क्षेत्रों तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में लगभग 1,62,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले हुए हैं।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव श्रेणी-1 के बेसिन में गहरे और अति-गहरे समुद्र के ब्लॉक के लिए राजस्व हिस्सेदारी की बोली को हटाना है। इन बेसिन में वाणिज्यिक हाइड्रोकार्बन उत्पादन पहले से हो रहा है। बोलीदाता अब सरकार को दी जाने वाली राजस्व हिस्सेदारी के बजाय अपने प्रस्तावित अन्वेषण कार्यक्रमों के आधार पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।

संशोधित नोटिस में कहा गया है, श्रेणी-1 के बेसिन के गहरे और अति-गहरे समुद्र के ब्लॉक के लिए राजस्व हिस्सेदारी की बोली नहीं लगाई जाएगी। संशोधित राजकोषीय शर्तों में प्रावधान है कि उत्पादन के पहले पांच वर्षों के दौरान सरकार को राजस्व तभी मिलेगा, जब कोई अप्रत्याशित लाभ होगा। अनुबंध क्षेत्र से होने वाले 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के वार्षिक राजस्व को अप्रत्याशित लाभ के रूप में परिभाषित किया गया है।

उत्पादन के छठे वर्ष से लेकर अनुबंध की समाप्ति तक संचालकों को राजस्व का पांच प्रतिशत या लागू अप्रत्याशित लाभ-स्लैब की राशि में से जो भी अधिक हो, उसका भुगतान करना होगा। इससे अप्रत्याशित लाभ न होने की स्थिति में भी सरकार के लिए न्यूनतम राजस्व हिस्सेदारी सुनिश्चित होगी। इस बदलाव का सीधा असर सात ब्लॉक पर पड़ेगा, जिनमें चार ओएएलपी-10 और तीन ओएएलपी-11 के हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़