Goa में खनिज उत्पादन क्षमता 4.5 करोड़ टन संभव, सालाना 4000 करोड़ राजस्व की उम्मीद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में आयोजित सम्मेलन में कहा कि गोवा नए ब्लॉक और अयस्क डंप के जरिए खनिज उत्पादन बढ़ाकर सालाना 4,000 करोड़ रुपये का राजस्व जुटा सकता है। राज्य में अब तक 17 खनिज ब्लॉक नीलाम किए जा चुके हैं, जिनमें से 16 चालू स्थिति में हैं। सरकार ने डंप नीति के तहत पुराने पट्टाधारकों को आठ डंप आवंटित किए हैं।

पणजी, पांच नवंबर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य नई खानों और पहले से मौजूद अयस्क डंप के प्रबंधन के जरिये अपनी सालाना खनिज उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 4.5 करोड़ टन कर सकता है, जिससे हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो सकता है। सावंत ने गोवा में आयोजित खनन एवं कोयला क्षेत्र में सुधारों पर खान मंत्रियों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य ने अब तक 17 खनिज ब्लॉक की नीलामी की है, जिनमें से 16 को चालू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सालाना उत्पादन लगभग 1.91 करोड़ टन तक पहुंच गया है, जबकि उच्चतम न्यायालय ने सालाना अधिकतम सीमा दो करोड़ टन तय की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) गोवा अगले साल एक और खनिज ब्लॉक की नीलामी की तैयारी कर रहा है। इससे राज्य को अपनी स्वीकृत उत्पादन क्षमता तक पहुंचने में मदद मिलेगी, बशर्ते इसके लिए जरूरी कानूनी मंजूरियां मिल जाएं। उन्होंने कहा कि गोवा की अर्थव्यवस्था में खनन का बड़ा योगदान रहा है।

इससे राजस्व मिलता है और रोजगार भी प्राप्त होता है। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, सतीश चंद्र दुबे और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सावंत ने बताया कि राज्य सरकार ने अपनी ‘अयस्क डंप’ नीति के तहत भी प्रगति की है।

इसके अंतर्गत पुराने पट्टाधारकों को आठ डंप आवंटित किए गए हैं, जिनमें से दो को खान एवं भूविज्ञान निदेशालय से अंतिम अनुमति मिल चुकी है। लगभग 3.9 करोड़ टन सामग्री वाले 20 और डंप की नीलामी की गई है और इनके लिए मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि पहला डंप चालू हो गया है, जबकि बाकी डंप को जल्द से जल्द चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रौद्योगिकी हस्तक्षेपों पर प्रकाश डालते हुए, सावंत ने कहा कि गोवा ने खान महानिदेशालय और गोवा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के माध्यम से ‘भूमिजा’ अयस्क निगरानी और प्रबंधन प्रणाली शुरू की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़