HD Fire Protect की बाजार में मजबूत शुरुआत, निर्गम मूल्य से 13 फीसदी ऊपर बंद हुआ शेयर

अग्नि सुरक्षा उपकरण विनिर्माता एचडी फायर प्रोटेक्ट का शेयर बुधवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने पर निर्गम मूल्य 271 रुपये के मुकाबले 13 प्रतिशत से अधिक की बढ़त पर बंद हुआ। बीएसई पर यह 334.40 रुपये पर खुला और दिन के कारोबार में 338 रुपये के उच्च स्तर को छू गया। कंपनी के 712 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों से 131.70 गुना अभिदान मिला था।
अग्नि सुरक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनी एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड का शेयर बुधवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के पहले दिन निर्गम मूल्य 271 रुपये के मुकाबले 13 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई में कंपनी का शेयर 334.40 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 23.39 प्रतिशत अधिक है। कारोबार के दौरान यह 24.72 प्रतिशत चढ़कर 338 रुपये प्रति शेयर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
हालांकि, बाद में मुनाफावसूली के चलते यह 13.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 307.20 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई में कंपनी का शेयर 335 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 23.62 प्रतिशत अधिक है। अंत में यह 11.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 302.50 रुपये पर बंद हुआ।
कारोबार समाप्त होने पर बीएसई में कंपनी का बाजार मूल्यांकन 5,383.07 करोड़ रुपये और एनएसई में 5,375.18 करोड़ रुपये रहा। एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड के 712 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 131.70 गुना अभिदान मिला था। कंपनी ने इसके लिए प्रति शेयर 258 से 271 रुपये का मूल्य दायरा तय किया था।
मुंबई स्थित कंपनी का आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था, जिसके तहत प्रवर्तकों ने 2.63 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की। एचडी फायर प्रोटेक्ट पानी, फोम और गैस आधारित अग्निशमन समाधान सहित अग्नि सुरक्षा उपकरणों और प्रणालियों का डिजाइन एवं विनिर्माण करती है। कंपनी की महाराष्ट्र में दो विनिर्माण इकाइयां हैं।
यह तेल एवं गैस, रिफाइनिंग, पेट्रोरसायन, बिजली, फार्मास्युटिकल्स, एयरोस्पेस, डेटा सेंटर और भंडार गृह जैसे क्षेत्रों को सेवाएं देती है। कंपनी ने नए संसद भवन, जामनगर स्थित देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी और श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र की परियोजनाओं सहित कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरणों की आपूर्ति की है।
अन्य न्यूज़













