विदेशी पूंजी प्रवाह से नवंबर में चमके भारतीय बाजार, HSBC ने घरेलू वृद्धि को बताया अहम

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी पूंजी के प्रवाह से नवंबर में भारतीय वित्तीय बाजारों में बड़ा सुधार आया है। सेंसेक्स में करीब 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि रुपया मजबूत होकर आठ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा। ब्रोकरेज का कहना है कि 2027 तक इस तेजी को बरकरार रखने के लिए मजबूत घरेलू आर्थिक वृद्धि और बेहतर बैंकिंग नकदी की जरूरत होगी।

भारतीय वित्तीय बाजारों में नवंबर के दौरान व्यापक सुधार देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयरों में कमजोरी और विदेशी कोषों के ताजा प्रवाह से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च ने यह बात कही।

इस सुधार के साथ भारतीय बाजारों ने अन्य उभरते बाजारों के मुकाबले पिछले कुछ महीनों के कमजोर प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है। शेयर, रुपया और सरकारी बॉन्ड सभी में तेजी आई है, जो बाजार की धारणा में जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की प्रवृत्ति की ओर बदलाव का संकेत है। हालांकि, विदेशी ब्रोकरेज कंपनी एचएसबीसी के मुताबिक, इस तेजी को 2027 तक बनाए रखने के लिए घरेलू आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में मजबूती और बैंकिंग प्रणाली में नकदी की उपलब्धता बढ़ना जरूरी होगा।

प्रणाली में नकदी सीमित बनी रह सकती है, क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) बढ़ती महंगाई के बीच अपनी मौद्रिक नीति को सख्त कर रहा है। एचएसबीसी ने कहा, भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में आ गया है। भारतीय बाजार 2026 के अधिकतर समय में उभरते बाजारों (ईएम) के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन नवंबर में स्थिति बदल गई।

इस दौरान भारतीय बाजारों ने शेयर, विदेशी मुद्रा और ब्याज दरों के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के अनुसार सेंसेक्स में नवंबर में अब तक करीब 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, रुपया मजबूत होकर आठ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इसने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.50 के स्तर से नीचे कारोबार किया।

इसके अलावा 10 साल के मानक सरकारी बॉन्ड प्रतिफल में करीब 20 आधार अंक की गिरावट आई। बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट को उनकी कीमतों में तेजी का संकेत माना जाता है। यह तेजी ऐसे समय आई है, जब बैंकिंग प्रणाली में नकदी की उपलब्धता पर दबाव बना हुआ है।

एचएसबीसी ने कहा कि शेयर, मुद्रा और बॉन्ड बाजारों में एक साथ सुधार तथा शेयर एवं ऋण बाजारों के रिटर्न के बीच सकारात्मक संबंध व्यापक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा को दर्शाता है। रिपोर्ट के अनुसार नवंबर में विदेशी निवेशकों की वापसी बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण रही है। पिछले कुछ वर्षों में घरेलू निवेशकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली के असर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

एचएसबीसी ने रिपोर्ट में कहा कि पिछली तिमाही में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़ा। इसमें अधिक प्रतिस्पर्धी मुद्रा, व्यापार समझौतों और निर्यातकों के नए बाजारों में विस्तार की भूमिका रही।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़