सितंबर में Gross GST Collection 14.7 फीसदी बढ़कर 2.04 लाख करोड़ रुपये पहुंचा

GST
प्रतिरूप फोटो
creative common
Ankit Jaiswal । Oct 1 2026 8:48PM

सितंबर 2026 में भारत का सकल जीएसटी संग्रह 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2.04 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। यह लगातार तीसरा महीना है जब कुल जीएसटी संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये से ऊपर दर्ज हुआ। इसके अलावा आयात से प्राप्त जीएसटी में 25.9 प्रतिशत और शुद्ध जीएसटी संग्रह में 18.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही।

देश में कर संग्रह के मोर्चे पर सितंबर में भी अच्छी तस्वीर सामने आई है। सकल वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी संग्रह लगातार तीसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपये के स्तर से ऊपर रहा है। सितंबर 2026 में सरकार को जीएसटी से कुल 2.04 लाख करोड़ रुपये मिले हैं। यह पिछले साल सितंबर के मुकाबले 14.7% ज्यादा है।

बता दें कि सितंबर 2025 में सकल जीएसटी संग्रह 1.77 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस साल जुलाई में जीएसटी संग्रह 2.11 लाख करोड़ रुपये था, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा 2 लाख करोड़ रुपये रहा। इसके बाद सितंबर में भी संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये से ऊपर बना रहा है। इससे कर राजस्व में लगातार मजबूती का संकेत मिल रहा है।

सितंबर में जीएसटी संग्रह की रफ्तार अगस्त के मुकाबले थोड़ी बढ़ी है। अगस्त में सालाना आधार पर संग्रह में 14.3% की वृद्धि हुई थी, जबकि सितंबर में यह बढ़कर 14.7% हो गई है। हालांकि, जुलाई में दर्ज 15.4% की वृद्धि के मुकाबले सितंबर की रफ्तार थोड़ी कम रही है।

मौजूद जानकारी के अनुसार, सितंबर के कुल जीएसटी संग्रह में आयात से मिलने वाले कर की बड़ी भूमिका रही है। आयात से प्राप्त सकल जीएसटी 25.9% बढ़कर 65,525 करोड़ रुपये पहुंच गया है। पिछले साल सितंबर में यह राशि 52,031 करोड़ रुपये थी। वहीं, घरेलू स्तर से मिलने वाला सकल जीएसटी 10.1% बढ़कर 1.38 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल इसी महीने 1.25 लाख करोड़ रुपये था।

शुद्ध जीएसटी संग्रह की तस्वीर और बेहतर रही है। सितंबर में रिफंड घटने के कारण कुल शुद्ध जीएसटी संग्रह 18.1% बढ़कर 1.77 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल सितंबर में यह आंकड़ा 1.50 लाख करोड़ रुपये था। घरेलू स्तर से प्राप्त शुद्ध जीएसटी 13.5% बढ़कर 1.24 लाख करोड़ रुपये रहा है। वहीं, सीमा शुल्क से जुड़े शुद्ध जीएसटी संग्रह में 30.8% की तेज बढ़ोतरी हुई है और यह 52,028 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी जारी रही है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच सकल जीएसटी संग्रह 12.46 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 11.17 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 11.6% ज्यादा है।

पहली छमाही में घरेलू सकल जीएसटी संग्रह 6.1% बढ़कर 8.74 लाख करोड़ रुपये रहा है। दूसरी ओर, आयात से मिलने वाला जीएसटी 27.1% बढ़कर 3.72 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस अवधि में कुल शुद्ध जीएसटी संग्रह 10.4% बढ़कर 10.66 लाख करोड़ रुपये रहा है।

हालांकि, अप्रैल से सितंबर के बीच रिफंड में भी बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में कुल रिफंड 18.8% बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपये रहा है। इसके बावजूद शुद्ध कर संग्रह में दोहरे अंक की वृद्धि बनी हुई है। लगातार 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का मासिक सकल जीएसटी संग्रह सरकार के राजस्व के लिए अहम माना जा रहा है और आने वाले महीनों में भी इन आंकड़ों पर नजर रहेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़