Mumbai Airport पर 21 करोड़ रुपये मूल्य की 7 किलोग्राम Ketamine जब्त, फुकेत जा रहा यात्री गिरफ्तार

Mumbai Airport पर 21 करोड़ रुपये मूल्य की 7 किलोग्राम Ketamine जब्त, फुकेत जा रहा यात्री गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की वायु खुफिया इकाई ने थाईलैंड के फुकेत जा रहे एक यात्री को 21 करोड़ रुपये मूल्य की केटामीन के साथ पकड़ा। खुफिया इनपुट के आधार पर संदिग्ध यात्री और उसके सामान की गहन जांच के बाद यह मादक पदार्थ बरामद किया गया। आरोपी को एनडीपीएस कानून के तहत हिरासत में लेकर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से उसके संबंधों की जांच की जा रही है।

मुंबई, एक अक्टूबर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति के पास से कथित तौर पर 21 करोड़ रुपये मूल्य की सात किलोग्राम केटामीन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि थाईलैंड के फुकेत जाने वाली उड़ान में सवार होने वाले व्यक्ति को बुधवार को विशेष खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई सीमा शुल्क विभाग की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) ने रोक लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘यात्री और उसके सामान को विस्तृत जांच के लिए विमान से उतार लिया गया। जांच के दौरान सात किलोग्राम पदार्थ बरामद हुआ, जिसके प्रारंभिक स्तर पर क्षेत्रीय जांच में केटामीन, एक मन:प्रभावी पदार्थ, होने का संदेह है। जब्त किए गए पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध मादक पदार्थ बाजार में अनुमानित कीमत 21 करोड़ रुपये है।’’ अधिकारी ने बताया कि यात्री को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत गिरफ्तार किया गया है और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से उसके संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़