Jio Platforms का शेयर 5% से ज्यादा उछला, मार्केट कैप 13.72 लाख करोड़ पार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

घरेलू शेयर बाजारों में जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में जोरदार तेजी दर्ज की गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर पांच प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 1,490 रुपये के करीब पहुंच गया। इस बढ़त के चलते कंपनी का कुल बाजार मूल्यांकन 13.72 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयर में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर पांच प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। इस बढ़त के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बढ़कर 13.72 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 5.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,490 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शेयर 5.09 प्रतिशत चढ़कर 1,489.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इससे बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 66,903.61 करोड़ रुपये बढ़कर 13,72,145.59 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य से दोनों प्रमुख शेयर बाजार में 33 प्रतिशत से अधिक ऊपर कारोबार कर रहा है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी। कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य से करीब 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

इसके साथ ही कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई थी। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 1,358 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था, जो इसके निर्गम मूल्य से 21.36 प्रतिशत अधिक था। बीएसई पर शेयर 26.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,417.35 रुपये पर बंद हुआ था।

कारोबार के दौरान इसने 1,423.80 रुपये का उच्चतम स्तर भी छुआ था। एनएसई पर शेयर 26.67 प्रतिशत चढ़कर 1,417.50 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान इसने 1,423.90 रुपये का उच्चतम स्तर हासिल किया था।

बुधवार के कारोबारी सत्र के अंत में जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार पूंजीकरण 13 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया था। कंपनी बाजार मूल्यांकन के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरे स्थान पर रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 15.92 लाख करोड़ रुपये है।

जियो प्लेटफॉर्म्स ने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को पीछे छोड़ दिया है। जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) कुल 22.19 गुना अभिदान के साथ बंद हुआ था। सार्वजनिक निर्गम और एंकर निवेशकों के आवंटन को मिलाकर कुल मांग सात लाख करोड़ रुपये से अधिक रही थी।

आईपीओ पूरी तरह से 27 करोड़ नए शेयरों का निर्गम था। इसके लिए मूल्य दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। आईपीओ से पहले कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे।

इन निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर आवंटित किए गए थे, जो मूल्य दायरे का ऊपरी स्तर था। आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और पहले ही दिन करीब 100 मिनट के भीतर ही इसे पूरा अभिदान मिल गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

कंपनी का आईपीओ 23 अक्टूबर को बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़