Juniper Green Energy Share Price पहले दिन 15 प्रतिशत चढ़ा, 259 रुपये पर बंद

Juniper Green
AI Image

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी जुनिपर ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयरों ने अपने बाजार पदार्पण के दिन बीएसई और एनएसई दोनों पर 15 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की। बीएसई पर कंपनी का शेयर 225 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 242 रुपये पर सूचीबद्ध होकर अंत में 259.60 रुपये पर बंद हुआ। 1,800 करोड़ रुपये के इस आईपीओ से प्राप्त रकम का उपयोग कंपनी और उसकी अनुषंगी इकाइयों के बकाया कर्ज को चुकाने में किया जाएगा।

नयी दिल्ली, छह अगस्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी जुनिपर ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का शेयर बृहस्पतिवार को अपने निर्गम मूल्य 225 रुपये के मुकाबले 15 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई पर कंपनी का शेयर 242 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 7.55 प्रतिशत अधिक था। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 18.28 प्रतिशत बढ़कर 266.15 रुपये तक पहुंच गया।

अंत में यह 259.60 रुपये पर बंद हुआ, जो निर्गम मूल्य से 15.37 प्रतिशत की बढ़त है। एनएसई पर कंपनी का शेयर 245 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 8.88 प्रतिशत अधिक था। अंत में यह 259.71 रुपये पर बंद हुआ, जो 15.42 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी का बाजार पूंजीकरण 14,771.20 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान बीएसई पर कंपनी के 64.88 लाख शेयरों और एनएसई पर 696.39 लाख शेयरों का कारोबार हुआ। जुनिपर ग्रीन एनर्जी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली बंद होने तक सोमवार को 7.97 गुना अभिदान मिला था।

कंपनी का 1,800 करोड़ रुपये का आईपीओ 214-225 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे पर आधारित था। आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों पर आधारित था। कंपनी ने आईपीओ से जुटाई गई राशि में से 683.24 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने कुछ कर्जों के भुगतान या अग्रिम भुगतान के लिए करने का प्रस्ताव रखा है।

इसके अलावा 728.69 करोड़ रुपये का निवेश अपनी अनुषंगी कंपनियों जुनिपर ग्रीन गामा वन, जुनिपर ग्रीन काइट और जुनिपर ग्रीन पावर फाइव में किया जाएगा, ताकि वे अपने बकाया कर्ज का भुगतान कर सकें। बाकी राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा। गुरुग्राम स्थित जुनिपर ग्रीन एनर्जी देशभर में बड़े स्तर की सौर, पवन, मिश्रित ऊर्जा और बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का विकास, निर्माण और संचालन करती है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़