Kia India का बड़ा कदम, Andhra Pradesh में नया प्लांट लगाने पर 2 अरब डॉलर का निवेश करेगी

Kia India
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दक्षिण कोरियाई कार निर्माता किआ इंडिया आंध्र प्रदेश में अपना दूसरा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए भारी निवेश करने जा रही है। इस नए संयंत्र के शुरू होने से कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर सालाना 6.3 लाख वाहनों तक पहुंचने का अनुमान है। इस औद्योगिक परियोजना से राज्य में लगभग 12,000 नए रोजगार पैदा होने की संभावना है।

(परिविर्तित स्लग के साथ लीड) नयी दिल्ली, 12 नवंबर किआ इंडिया आंध्र प्रदेश में नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए दो अरब डॉलर का निवेश करेगी। इससे दक्षिण कोरियाई वाहन विनिर्माता कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता छह लाख इकाइयों से अधिक हो जाएगी। किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ग्वांगगु ली ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में बृहस्पतिवार को आयोजित सीआईआई साझेदारी सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं आंध्र प्रदेश में एक और विनिर्माण संयंत्र स्थापित करके राज्य में किआ की मौजूदगी का विस्तार करने की घोषणा करते हुए बेहद खुश हूं।’’ इस परियोजना से करीब 12,000 रोजगार सृजित होने और किआ इंडिया की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 6,30,000 वाहन होने की उम्मीद है।

किआ इंडिया का आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में पहले से ही एक विनिर्माण संयंत्र है, जिसे उसने 2017 में स्थापित किया था। इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 4.30 लाख इकाइयों की है। ली ने निवेश के लिए कोई समयसीमा या अतिरिक्त क्षमता के परिचालन में आने की तारीख नहीं बताई।

वित्त वर्ष 2026 में वाहन कंपनी ने 3.17 लाख इकाइयों का उत्पादन किया था। उसने घरेलू बाजार में 2.89 लाख इकाइयों की थोक बिक्री की और 27,953 वाहनों का निर्यात किया। उत्पादन क्षमता में यह वृद्धि ऐसे समय हो रही है, जब किआ इंडिया देश के यात्री वाहन बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न पावरट्रेन वाले कई मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही है।

बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक, पेट्रोल और डीजल वाहनों के अलावा कंपनी की हाइब्रिड वाहन पेश करने की भी योजना है। उसने ‘कैरेंस’ के साथ सीएनजी बाजार में उतरने की घोषणा भी पहले ही कर दी है। ली ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश में हमारी यात्रा 2017 में शुरू हुई थी, जब हमारा पहला विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया गया और रिकॉर्ड केवल 14 महीने में चालू किया गया।

किआ को भारत की प्रमुख वाहन विनिर्माता कंपनियों में शामिल होने और केवल चार वर्षों में 10 लाख वाहन तथा सात वर्षों में 20 लाख वाहनों का उत्पादन करने वाली सबसे तेज मूल उपकरण विनिर्माता (ओईएम) होने पर गर्व है।’’ उन्होंने कहा कि यह संयंत्र एक प्रमुख निर्यात केंद्र भी बन गया है। यहां से करीब 100 देशों को 4.1 लाख से अधिक वाहन और ‘किट’ निर्यात किए गए हैं। इससे वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में भारत की स्थिति मजबूत हुई है और दुनिया के लिए भारत में विनिर्माण करने के दृष्टिकोण को समर्थन मिला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़