Ozempic और Wegovy जैसी वजन घटाने वाली दवाओं से आंखों की रोशनी को खतरा, FDA ने दी चेतावनी

अमेरिका के एफडीए ने ओजेम्पिक, वेगोवी, मौनजारो और जेपबाउंड जैसी वजन घटाने वाली दवाओं के इस्तेमाल से आंखों की नस को नुकसान पहुंचाने वाली दुर्लभ बीमारी का संभावित खतरा जताया है। हालांकि, इन दवाओं और बीमारी का सीधा संबंध अभी साबित नहीं हुआ है। एफडीए के अनुसार मरीजों को नजर कमजोर होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
मोटापा और मधुमेह से परेशान लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही दवाओं को लेकर अमेरिका में एक नई चिंता सामने आई है। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने ओजेम्पिक, वेगोवी, मौनजारो और जेपबाउंड जैसी दवाओं के इस्तेमाल से आंखों की एक दुर्लभ बीमारी का खतरा बढ़ने की आशंका जताई है। यह बीमारी कुछ मामलों में मरीज की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए छीन सकती है। इसे देखते हुए एफडीए ने इन दवाओं के निर्माताओं को उनके लेबल पर नई चेतावनी जोड़ने का निर्देश दिया है।
एफडीए के मुताबिक, इन दवाओं के इस्तेमाल और नॉन-आर्टेरिटिक एंटीरियर इस्केमिक ऑप्टिक न्यूरोपैथी (एनएआईओएन) नाम की बीमारी के बीच संभावित संबंध सामने आया है। यह आंख की नस यानी ऑप्टिक नर्व तक खून का प्रवाह कम होने के कारण होती है। इसमें मरीज की एक आंख की रोशनी अचानक और बिना दर्द के कम हो सकती है। कुछ मामलों में नजर को हुआ नुकसान स्थायी भी हो सकता है। मरीज को सुबह सोकर उठने पर अचानक धुंधला दिखाई देना, आंखों के सामने कुछ हिस्से गायब दिखना या रंगों को पहचानने में परेशानी जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं।
बता दें कि ओजेम्पिक और वेगोवी में सेमाग्लूटाइड का इस्तेमाल होता है, जबकि मौनजारो और जेपबाउंड में टिरजेपाटाइड होता है। ये दवाएं शरीर में भूख और रक्त शर्करा को नियंत्रित करने वाले हार्मोन की तरह काम करती हैं। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से टाइप-2 मधुमेह और मोटापे के इलाज में किया जाता है। ये भूख कम करने और लंबे समय तक पेट भरा महसूस कराने में मदद करती हैं। इसी वजह से पिछले कुछ वर्षों में इन दवाओं की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।
एफडीए ने इस खतरे का आकलन करने के लिए 126 चिकित्सकीय परीक्षणों के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इन परीक्षणों में कुल 134,253 मरीज शामिल थे। इनमें से 78,217 मरीज जीएलपी-1 श्रेणी की दवाएं ले रहे थे, जबकि 56,036 मरीजों को दूसरी दवाएं या सामान्य उपचार दिया गया था। विश्लेषण में एनएआईओएन के 15 संभावित मामले सामने आए। इनमें 10 मामले जीएलपी-1 दवाएं लेने वाले मरीजों में और 5 मामले सामान्य उपचार या दूसरी तुलना वाली दवाएं लेने वाले मरीजों में मिले।
आंकड़ों के मुताबिक, जीएलपी-1 दवाएं लेने वालों में हर 100,000 मरीज-वर्ष पर बीमारी के 6.4 मामले सामने आए, जबकि दूसरी दवाएं या सामान्य उपचार लेने वाले समूह में यह आंकड़ा 3.8 था। हालांकि, एफडीए ने साफ किया है कि इन आंकड़ों से यह साबित नहीं होता कि दवाएं सीधे इस बीमारी का कारण बनती हैं।
गौरतलब है कि एनएआईओएन एक दुर्लभ बीमारी है। आम आबादी में इसके करीब 100,000 लोगों में 2 से 10 मामले सामने आते हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय संबंधी बीमारियां, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, मोटापा और नींद के दौरान सांस रुकने की समस्या इसके खतरे को बढ़ा सकती हैं। इनमें से कई समस्याएं उन मरीजों में पहले से मौजूद होती हैं, जो वजन घटाने या मधुमेह के लिए ये दवाएं लेते हैं। यही वजह है कि दवाओं और बीमारी के बीच संबंध को पूरी तरह समझना मुश्किल है। एफडीए की पशुओं पर किए गए अध्ययनों की समीक्षा में भी ऐसा कोई स्पष्ट कारण नहीं मिला, जिससे पता चले कि ये दवाएं आंख की नस को किस तरह प्रभावित कर सकती हैं।
इस बीच, टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क का नाम भी इन दवाओं के इस्तेमाल को लेकर चर्चा में रहा है। दिसंबर 2024 में उन्होंने सोशल मीडिया पर सांता क्लॉज की पोशाक में अपनी तस्वीर साझा करते हुए बताया था कि वह वजन घटाने की दवा ले रहे हैं। उन्होंने लिखा था कि वह तकनीकी रूप से मौनजारो का इस्तेमाल कर रहे हैं, हालांकि ओजेम्पिक सांता नाम ज्यादा अच्छा लगता है।
एफडीए ने मरीजों को सलाह दी है कि अगर दवा लेने के दौरान एक आंख की रोशनी अचानक कम हो, धुंधला दिखाई दे या नजर में कोई बदलाव महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ऐसी स्थिति में आंखों के विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है। जिन मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि होती है, उन्हें दवा जारी रखने या बंद करने का फैसला डॉक्टर से सलाह लेकर ही करना चाहिए। मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के अपनी दवा बंद नहीं करनी चाहिए।
अन्य न्यूज़














