घी-पनीर के दम पर Parag Milk Foods की बंपर कमाई, Q4 में 40 करोड़ का हुआ Net Profit

Q4 Profit
AI Generated

पराग मिल्क फूड्स ने वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 23.31% की वृद्धि के साथ 40.14 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जबकि कुल आय भी बढ़कर 945.34 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष के लिए भी 15% की मुनाफा वृद्धि के साथ मजबूत वित्तीय प्रदर्शन का संकेत दिया है।

नयी दिल्ली, आठ मई पराग मिल्क फूड्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 23.31 प्रतिशत बढ़कर 40.14 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध मुनाफा 32.55 करोड़ रुपये था। पराग मिल्क फूड्स ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय बढ़कर 945.34 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 918.25 करोड़ रुपये थी। खर्च भी 898.79 करोड़ रुपये से बढ़कर 924.06 करोड़ रुपये हो गया।

समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 152.39 करोड़ रुपये रहा जो 2024-25 के 132.59 करोड़ रुपये से 15 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के ‘न्यू एज बिजनेस’ खंड में प्रीमियम दूध ब्रांड ‘प्राइड ऑफ काउज’ और प्रोटीन पोषण ब्रांड ‘अवतार’ शामिल हैं। इन्होंने 2025-26 की चौथी तिमाही में 100 करोड़ रुपये के तिमाही राजस्व का आंकड़ा पार किया और सालाना आधार पर 109 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।

पराग मिल्क फूड्स की कार्यकारी निदेशक अक्षली शाह ने कहा, ‘‘ हम अपने चार ब्रांडों की ताकत का पूरा उपयोग करते हुए वृद्धि की मजबूत गति को आगे बढ़ाने एवं तेजी से लाभप्रदता के रूप में मूल्य सृजन बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।’’ कंपनी के अनुसार घी, पनीर और चीज़ जैसी उसकी मुख्य श्रेणियां स्थिरता प्रदान करती रहीं। संतुलित मूल्य निर्धारण एवं लागत नियंत्रण के माध्यम से कंपनी ने बढ़ी हुई जिंस कीमतों का सामना किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़