Arjun Sarja करेंगे पहलगाम हमले और Operation Sindoor पर आधारित फिल्म का निर्देशन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

फिल्म निर्माता अर्जुन सरजा पहलगाम आतंकी हमले और भारत के जवाबी ऑपरेशन सिंदूर पर एक नई फिल्म निर्देशित करने जा रहे हैं। अनूप मोहन द्वारा निर्मित इस बहुभाषी परियोजना का पूजा समारोह अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में संपन्न हुआ। मेजर विजय भार्गव ने अपने सैन्य अनुभवों के आधार पर इस फिल्म की पटकथा तैयार की है।

फिल्म निर्माता अर्जुन सरजा पहलगाम आतंकवादी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा किये गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को केंद्र में रखकर बनने वाली फिल्म का निर्देशन करेंगे। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस फिल्म का निर्माण प्रेसिडेंशियल मूवीज इंटरनेशनल के बैनर तले अनूप मोहन कर रहे हैं। फिल्म का पूजा समारोह शनिवार को अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में आयोजित किया गया।

फिल्म निर्माताओं ने इंस्टाग्राम हैंडल पर समारोह की कई तस्वीरें भी साझा कीं। यह फिल्म पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है। पहलगाम आतंकवादी हमला अप्रैल 2025 में हुआ था, जिसमें 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी।

इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर हमले किए गए। फिल्म की पटकथा मेजर विजय भार्गव ने लिखी है, जो इस परियोजना को एक अलग दृष्टिकोण देते हैं। अपने सैन्य अनुभव और सेवा, बलिदान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा की वास्तविकताओं की समझ के आधार पर उन्होंने ऐसी कहानी को वास्तविकता और भावनात्मक गहराई देने का प्रयास किया है, जिसमें इन दोनों पहलुओं की जरूरत है।

फिल्म नौ भाषाओं में बनाई जाने की योजना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़