सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का Net Profit पहली छमाही में 17% बढ़ा, DFS ने जारी किए आंकड़े

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का Net Profit पहली छमाही में 17% बढ़ा, DFS ने जारी किए आंकड़े
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वित्तीय सेवा विभाग ने शनिवार को जानकारी दी कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का प्रदर्शन चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में काफी मजबूत रहा है। इस दौरान बैंकों का कुल कारोबार 15.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 300 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया। साथ ही फंसा हुआ कर्ज भी ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गया है।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) की लाभप्रदता चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 17 प्रतिशत बढ़ी है और इनका कुल शुद्ध लाभ बढ़कर 1.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने शनिवार को यह जानकारी दी। डीएफएस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल कारोबार सालाना आधार पर 15.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 300 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है।

डीएफएस ने कहा, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अपना मजबूत वित्तीय प्रदर्शन जारी रखा। पीएसबी की लाभप्रदता अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी है और कुल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 16.9 प्रतिशत बढ़कर 1,09,540 करोड़ रुपये हो गया है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की फंसी हुई परिसंपत्तियां ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गयी हैं।

इस साल 30 सितंबर, 2026 तक इनका सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर 1.69 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए अनुपात 0.33 प्रतिशत रह गया। डीएफएस ने कहा, प्रणालीगत सुधार, बेहतर संचालन व्यवस्था और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता लाभप्रदता, कारोबार वृद्धि, परिसंपत्ति गुणवत्ता और पूंजीगत स्थिति में पीएसबी के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन के रूप में दिखाई दे रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़