West Asia संकट पर RBI Governor का अलर्ट, लंबा खिंचा तो बढ़ेंगे Petrol-Diesel के दाम!

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने चेतावनी दी है कि यदि पश्चिम एशिया संकट लंबा खिंचता है तो सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा सकती है, क्योंकि तेल आपूर्ति में बाधा से ऊर्जा की लागत बढ़ रही है। ऊर्जा आयात पर भारत की अत्यधिक निर्भरता के कारण इन वैश्विक व्यवधानों का असर सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा है कि अगर पश्चिम एशिया संकट लंबे समय तक जारी रहता है, तो सरकार को पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ानी पड़ सकती हैं। मल्होत्रा ने स्विट्जरलैंड में मंगलवार को एक सम्मेलन में कहा कि सरकार वित्तीय मामलों में काफी सजग रही है और राजकोषीय मजबूती के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी ने तेल और गैस की आपूर्ति को बाधित कर दिया है। इससे ऊर्जा की कीमतें बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा और उर्वरकों के आयात पर अत्यधिक निर्भर है और मौजूदा व्यवधानों का असर भारत पर पड़ना शुरू हो गया है। आरबीआई गवर्नर ने संकट का जिक्र करते हुए कहा कि अगर यह लंबे समय तक जारी रहता है तो ‘‘सरकार वास्तव में इन मूल्य वृद्धि का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डाल सकती है। यह सिर्फ समय की बात है।’’
सरकार ने 28 फरवरी को शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में वृद्धि नहीं की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों का आह्वान किया है। रुपये में भारी गिरावट आई है और वर्तमान में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के नीचे पहुंच गया है।
अन्य न्यूज़















