Ratna Pathak Shah बोलीं- राजनीतिक नेताओं के प्रति भक्ति स्थायी नहीं, समय के साथ बदलती है धारणा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

देहरादून साहित्य महोत्सव में अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने कहा कि राजनीतिक हस्तियों के प्रति लोगों की भक्ति की संस्कृति हमेशा नहीं टिकती। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण देते हुए बदलाव को अनिवार्य बताया। शाह ने यह टिप्पणी अपने पति नसीरुद्दीन शाह को ऑनलाइन ट्रोल किए जाने से जुड़े सवाल पर की।

अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने शनिवार को कहा कि राजनीतिक नेताओं के प्रति ‘भक्ति’ की संस्कृति अंततः खत्म हो जाती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण देते हुए कहा कि समय के साथ सबसे सम्मानित नेताओं के प्रति भी लोगों की धारणा बदल सकती है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘‘भारत में भक्ति की एक परंपरा है।

यह समर्पण बहुत प्रयासों से आता है। जब तक यह भक्ति चल रही है, चलने दीजिए... यह खत्म हो जाएगी।’’ शाह ने देहरादून साहित्य महोत्सव (डीएलएफ) के आठवें संस्करण में कहा, ‘‘देखिए, नेहरू के प्रति कैसी भक्ति थी। आज उनके साथ क्या हो रहा है?

ऐसा होता रहेगा। बदलाव जारी रहेगा।’’ अभिनेत्री (69) अपने पति और अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को सत्तारूढ़ सरकार की आलोचना करने वाले विचारों के लिए ऑनलाइन निशाना बनाए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा, ‘‘यह समय भी बदल जाएगा।

समय हमेशा बदलता है। हम अतीत में बदलाव को रोक नहीं पाए थे और भविष्य में भी इसे रोक नहीं पाएंगे।’’ जंतर-मंतर पर हाल में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवा प्रदर्शनकारियों ने आगे का रास्ता दिखाया है और उनके विचारों के साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है। तीन दिवसीय साहित्य महोत्सव के आठवें संस्करण में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान, फिल्मकार इम्तियाज अली, फिल्मकार एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, अभिनेता शबाना आजमी और राज बब्बर तथा पर्यावरणविद् पीपल बाबा सहित कई चर्चित हस्तियां शामिल हो रही हैं।

महोत्सव का समापन रविवार को होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़