Canada की विदेश मंत्री Anita Anand बोलीं, भारत संग आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के व्यापक अवसर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने टोरंटो में आयोजित कनाडा-भारत निवेश मंच में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यात्रा दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई गति देने का बेहतरीन अवसर बनेगी। प्रस्तावित सीईपीए समझौते से दोनों पक्षों के कारोबारियों को नए बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी।

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यात्रा से पहले दोनों देशों के बीच अधिक निवेश, मजबूत व्यापारिक संबंधों और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और कनाडा के बीच आर्थिक साझेदारी का विस्तार करने की व्यापक गुंजाइश है। आनंद ने शुक्रवार को टोरंटो में ‘कनाडा-भारत निवेश मंच’ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) कारोबारियों को अधिक स्थिरता और बाजारों तक भरोसेमंद पहुंच उपलब्ध करा सकता है। आनंद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा दोनों देशों के लिए द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने और आर्थिक सहयोग की असीम संभावनाओं को साकार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।’’ ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग की घोषणा और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की पुष्टि के बाद प्रधानमंत्री मोदी अगले महीने कनाडा की यात्रा पर आने वाले हैं।

उनकी यह टिप्पणी एक भारतीय अधिकारी के उस बयान के कुछ दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि नयी दिल्ली और ओटावा प्रस्तावित सीईपीए पर बातचीत पूरी करने के ‘‘बेहद करीब’’ हैं। शुक्रवार को आयोजित निवेश मंच में शामिल कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक ने व्यापार, नवाचार और साझा समृद्धि के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़