US Dollar के मुकाबले Rupee 14 पैसे मजबूत होकर 94.61 के स्तर पर पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे सुधरकर 94.61 पर कारोबार करने लगी। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की घटी कीमतों और घरेलू शेयर बाजार में तेजी से मुद्रा को अच्छा समर्थन मिला। डॉलर सूचकांक में 0.54 प्रतिशत की गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की ताजा खरीदारी ने भी रुपये को मजबूती दी।

मुंबई, चार नवंबर रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 14 पैसे मजबूत होकर 94.61 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और विदेशी पूंजी प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार में खरीदारी के रुझान से भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.61 प्रति डॉलर पर खुला और बढ़कर 94.50 तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में कुछ बढ़त गंवाकर 94.61 प्रति डॉलर पर कारोबार करने लगा जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे अधिक है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.75 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.54 प्रतिशत फिसलकर 101.17 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 435.10 अंक चढ़कर 77,352.95 अंक पर जबकि निफ्टी 115.90 अंक की बढ़त के साथ 23,925.10 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.09 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लगातार तीसरे सत्र में शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 6,836.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़