Indian Youth Congress की बड़ी कार्रवाई, महारैली से नदारद 83 पदाधिकारी सस्पेंड

Indian Youth Congress की बड़ी कार्रवाई, महारैली से नदारद 83 पदाधिकारी सस्पेंड
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित विपक्षी गठबंधन की रैली से गायब रहने पर तीन राज्यों के 83 युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर मध्य प्रदेश के 60, हिमाचल प्रदेश के 13 और हरियाणा के 10 नेताओं पर यह अनुशासनात्मक गाज गिरी है। इन नेताओं में प्रदेश इकाइयों के उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं।

नयी दिल्ली, चार नवंबर भारतीय युवा कांग्रेस ने बीते एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित हुई इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होने पर तीन राज्यों के अपने 83 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। संगठन की ओर से की गई कार्रवाई के तहत मध्य प्रदेश के 60, हरियाणा के 10 और हिमाचल प्रदेश के 13 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के नेता शामिल हैं।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। बयान के अनुसार, एक नवंबर, 2026 को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी विरोधी रैली’ से अनुपस्थित रहने के कारण संगठनात्मक अनुशासनहीनता का मामला सामने आया था। बयान में कहा गया है कि इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने कहा कि यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़