विदेशी पूंजी प्रवाह और शेयर बाजार में तेजी से संभला Rupee, अमेरिकी डॉलर के सामने 94.41 पर बंद

विदेशी मुद्रा बाजार में बृहस्पतिवार को भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 94.41 के स्तर पर बंद हुई। कच्चे तेल के दामों में नरमी और घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त लिवाली ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस दौरान घरेलू बाजार में 14,974.68 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।
मुंबई, पांच नवंबर रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की तेजी के साथ 94.41 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी कोषों के भारी निवेश से रुपये में यह तेजी आई है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में तेज सुधार के बाद अब इसमें निकट अवधि में स्थिरता के संकेत दिख रहे हैं।
घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से भी निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.36 पर खुला और कारोबार के दौरान लुढ़ककर 94.57 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि, अंतिम घंटे में रुपये ने कुछ नुकसान की भरपाई की और 94.32 प्रति डॉलर तक मजबूत हो गया।
अंत में यह 94.41 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की तेजी है। रुपया बुधवार को 29 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.46 पर बंद हुआ था। कोटक नियो में जिंस एवं मुद्रा शोध प्रमुख अनिंद्य बनर्जी ने कहा, ‘‘कई कारक रुपये के पक्ष में हैं।
भारत के कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र में निवेश की वापसी के दौर से अलग नजर आने के कारण विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ सकता है। अमेरिका में राजनीतिक अनिश्चितता से डॉलर पर दबाव पड़ सकता है। साथ ही कच्चे तेल की कीमत में हर एक डॉलर की गिरावट से भारत की आयात लागत कम हो सकता है।’’ इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत फिसलकर 101.50 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 2,008.61 अंक उछलकर 79,310.01 अंक जबकि निफ्टी 576 अंक चढ़कर 24,536.60 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट कच्चे तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.38 प्रतिशत चढ़कर 95.93 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे।
उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 14,974.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अन्य न्यूज़














