Carlsberg India समेत चार कंपनियों के IPO को SEBI से मिली हरी झंडी

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने कार्ल्सबर्ग इंडिया, टीएमसी ट्रांसफॉर्मर्स, उजिन फार्मा और मातंगी रबड़ के सार्वजनिक निर्गम प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी है। नियामक ने 28 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच इन ड्राफ्ट दस्तावेजों की समीक्षा पूरी की। अब ये कंपनियां नियामकीय शर्तों के तहत शेयर बाजार में लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगी।
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर डेनमार्क की शराब कंपनी कार्ल्सबर्ग ग्रुप की भारतीय इकाई कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड, टीएमसी ट्रांसफॉर्मर्स (इंडिया) लिमिटेड, उजिन फार्मा लिमिटेड और मातंगी रबड़ लिमिटेड को प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए सेबी की मंजूरी मिल गई है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) को इन चारों कंपनियों के आईपीओ दस्तावेज मई से जुलाई के बीच मिले थे। नियामक ने 28 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच उनके आईपीओ प्रस्तावों की समीक्षा पूरी की।
सेबी की वेबसाइट से यह जानकारी मिली है। सेबी की मंजूरी मिलने के बाद कंपनियां लागू नियामकीय आवश्यकताओं के अधीन अपने सार्वजनिक निर्गम की तैयारियां आगे बढ़ा सकती हैं। डेनमार्क की प्रमुख शराब कंपनी कार्ल्सबर्ग समूह की भारतीय इकाई कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड ने एक जुलाई को सेबी के पास गोपनीय तरीके से आईपीओ के दस्तावेज जमा किए थे।
टीएमसी ट्रांसफॉर्मर्स (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित 550 करोड़ रुपये के आईपीओ में पूरी तरह नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं है। उजिन फार्मा के प्रस्तावित आईपीओ में 1.18 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक 72.82 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश करेंगे। सेबी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मातंगी रबड़ लिमिटेड को भी उसके प्रस्तावित आईपीओ के लिए नियामक की मंजूरी मिल गई है।
अन्य न्यूज़














