Sensex में 989 अंकों की भारी गिरावट, Nifty फिसलकर 25607 पर बंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आईटी कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बिकवाली के कारण शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों की चार दिनों की बढ़त थम गई। बीएसई सेंसेक्स 1.17 प्रतिशत टूटकर 83,339.26 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 277 अंक गिरकर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और बॉन्ड प्रतिफल में तेजी ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

घरेलू शेयर बाजारों में चार कारोबारी सत्रों से जारी तेजी शुक्रवार को थम गई और सेंसेक्स 989 अंक टूट गया जबकि निफ्टी गिरकर 25,607 अंक पर आ गया। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मुनाफावसूली तथा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस गिरावट की प्रमुख वजह रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 83,339.26 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,120.26 अंक यानी 1.32 प्रतिशत टूटकर 83,208.33 अंक पर आ गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही।

दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और ट्रेंट के शेयर बढ़त में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.76 प्रतिशत चढ़कर 97.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रुपये में कमजोरी और घरेलू बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से प्रमुख शेयरों में मुनाफावसूली हुई।

पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव बढ़ने से ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी आई है, जिससे आपूर्ति और घरेलू महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है। नायर ने कहा कि एशियाई बाजारों में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयरों में तेजी लौटने से कुछ निवेश प्रवाह भारत से दूसरी ओर जा सकता है। हाल के वैश्विक एआई कारोबार में भारत को घरेलू मांग आधारित वृद्धि के कारण अपेक्षाकृत लाभ मिला था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 5,843.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.34 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 3.73 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.11 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 2.11 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे।

अमेरिका में थैंक्सगिविंग अवकाश के कारण बृहस्पतिवार को शेयर बाजार बंद रहे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 390.31 अंक चढ़कर 84,328.59 और निफ्टी 65.25 अंक बढ़कर 25,884.50 अंक पर बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़