Chandigarh Municipal Polls: BJP ने जारी की 23 प्रत्याशियों की सूची, महापौर सौरभ जोशी भी मैदान में

Chandigarh Municipal Polls: BJP ने जारी की 23 प्रत्याशियों की सूची, महापौर सौरभ जोशी भी मैदान में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने 23 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। इस सूची में वर्तमान महापौर समेत सात महिला प्रत्याशियों को भी टिकट दिया गया है। शहर के सभी 35 वार्डों में 23 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 26 दिसंबर को घोषित होंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 23 दिसंबर को प्रस्तावित चंडीगढ़ नगर निगम के आम चुनाव के लिए शुक्रवार को 23 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें मौजूदा महापौर सौरभ जोशी का नाम भी शामिल है। इस सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र बबला और गुरबख्श रावत के नाम भी शामिल हैं। घोषित किए गए 23 उम्मीदवारों में सात महिलाएं हैं।

उम्मीदवारों के नामों को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने अंतिम रूप दिया। चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों में पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान 23 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 26 दिसंबर को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हो गई है और पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि तीन दिसंबर है।

नामांकन पत्रों की जांच चार दिसंबर को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि सात दिसंबर है। बीस नवंबर को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 35 वार्डों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। यह चुनाव पांच साल के अंतराल के बाद हो रहे हैं।

चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का उपयोग किया जाएगा। वर्तमान में नगर निगम सदन में भाजपा के पास बहुमत है। चुनाव में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़