घाटे से उबरी Shoppers Stop, दूसरी तिमाही में कमाया 3.11 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

Shoppers Stop
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

डिपार्टमेंटल स्टोर चलाने वाली कंपनी शॉपर्स स्टॉप ने चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 3.11 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 20.11 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा था। इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 8.72 प्रतिशत बढ़कर 1,366.27 करोड़ रुपये रहा।

कपड़े, जूते समेत अन्य उत्पाद बेचने वाली शॉपर्स स्टॉप का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 3.11 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 में इसी अवधि में कंपनी को 20.11 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। रहेजा परिवार प्रवर्तित डिपार्टमेंटल स्टोर चलाने वाली कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में परिचालन आय 8.72 प्रतिशत बढ़कर 1,366.27 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,256.62 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने बयान में कहा कि उसकी ‘प्रीमियम उत्पादों पर केंद्रित वृद्धि रणनीति’ से उसे ‘शुद्ध लाभ दर्ज करने’ में मदद मिली है। समीक्षाधीन तिमाही में शॉपर्स स्टॉप का कुल खर्च 7.11 प्रतिशत बढ़कर 1,385.02 करोड़ रुपये हो गया। अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय 9.7 प्रतिशत बढ़कर 1,389.15 करोड़ रुपये रही।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कवींद्र मिश्रा ने कहा कि इस साल त्योहारों का मौसम मुख्य रूप से तीसरी तिमाही में आने के बावजूद शॉपर्स स्टॉप ने दूसरी तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रीमियम उत्पादों पर ध्यान, खरीदारी के बेहतर अनुभव और परिचालन में उत्कृष्टता पर हमारा निरंतर जोर ग्राहकों को पसंद आ रहा है और इससे वृद्धि की गुणवत्ता बेहतर हो रही है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़