पूंजी जुटाने के लिए Share Market में उतरेंगी बिजली कंपनियां, कई राज्यों ने दिखाई रुचि

पूंजी जुटाने के लिए Share Market में उतरेंगी बिजली कंपनियां, कई राज्यों ने दिखाई रुचि
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बिजली क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र के बाद गुजरात, हरियाणा, असम और छत्तीसगढ़ ने अपनी कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की तैयारी शुरू की है। केंद्रीय बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्यों के लिए 200 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी। असम सबसे पहले उत्पादन, फिर पारेषण और वितरण कंपनी को बाजार में उतारेगा।

महाराष्ट्र के अपनी बिजली वितरण कंपनी एमएसईडीसीएल को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद गुजरात, हरियाणा, असम और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों ने भी पूंजी जुटाने के लिए अपनी बिजली कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने में रुचि दिखाई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। विकसित भारत के तहत 2047 तक बिजली क्षेत्र के विभिन्न लक्ष्यों को पूरा करने के लिए करीब 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत को देखते हुए यह पहल महत्वपूर्ण है।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बिजली मंत्रियों के सम्मेलन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने कहा कि महाराष्ट्र की योजना मार्च तक महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) को सूचीबद्ध करने की है। उन्होंने कहा, ‘‘कल असम के मुख्यमंत्री ने भी (बिजली) मंत्री को फोन किया और कहा कि असम बिजली उत्पादन कंपनी को सूचीबद्ध करने के लिए चुना गया है। इसके बाद जल्द ही उनकी बिजली पारेषण कंपनी और फिर वितरण कंपनी को सूचीबद्ध किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ भी इसमें रुचि रखता है। हरियाणा और गुजरात इसके बाद (अपनी बिजली क्षेत्र की कंपनियों को सूचीबद्ध करने के लिए) आएंगे।’’ बिजली की बढ़ती मांग के मुद्दे पर केंद्रीय बिजली सचिव ने बताया कि जैसे-जैसे भंडारण क्षमता विकसित होगी, वे अधिकतम मांग को पूरा करने में सक्षम होंगे। इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि विकसित भारत के तहत बिजली क्षेत्र के विभिन्न लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भारत को 2047 तक 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत होगी।

उन्होंने सुझाव दिया था कि यह राशि बिजली क्षेत्र की कंपनियों को (राज्यों द्वारा) शेयर बाजार में सूचीबद्ध करके या सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के जरिए निजी कंपनियों को शामिल करके जुटाई जा सकती है। मंत्री ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि पुराने ताप बिजली संयंत्रों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर उनकी जगह नवीकरणीय ऊर्जा, जलविद्युत तथा परमाणु परियोजनाएं लाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संचालन अवधि पूरी कर चुके पुराने ताप बिजली संयंत्रों की जमीन खाली हो गई हैं।

इन जमीनों का इस्तेमाल परमाणु संयंत्र लगाने के लिए किया जाएगा। सभी राज्यों ने इसमें रुचि दिखाई है। लाल ने कहा कि बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को नुकसान हो रहा है क्योंकि उनके खातों में दर्ज कुछ खर्चों को मंजूरी नहीं मिलती, बिजली दरों में वृद्धि नहीं की जाती और कुल तकनीकी एवं वाणिज्यिक (एटीएंडसी) नुकसान भी होते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़