शुरुआती कारोबार में 244 अंक चढ़ा Sensex, Nifty 23,200 के पार पहुंचा

पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में मूल्य आधारित खरीदारी से हल्का सुधार देखा गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 244.02 अंक चढ़कर 74,293.25 और निफ्टी 77.20 अंक बढ़कर 23,201.85 पर पहुंच गया। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की निकासी ने बाजार की बढ़त को सीमित रखा।
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद बुधवार को शुरुआती कारोबार में मूल्य आधारित खरीदारी से थोड़ा संभल गए। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले सतर्क रुख और विदेशी पूंजी की निकासी ने हालांकि बाजार की बढ़त को सीमित किया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 244.02 अंक चढ़कर 74,293.25 अंक पर और एनएसई निफ्टी 77.20 अंक की बढ़त के साथ 23,201.85 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक, आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। वहीं इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इटर्नल के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.63 प्रतिशत फिसलकर 108.1 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया लेकिन इसकी कीमत अब भी ऊंची बनी हुई है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,977.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 777.94 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,003.82 अंक के तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत टूटकर 23,118.60 अंक पर बंद हुआ था, जो छह अप्रैल के बाद का सबसे निचला बंद स्तर था।
अन्य न्यूज़













