N Chandrasekaran के तीसरे कार्यकाल के खिलाफ Bombay High Court जाएगा Tata Trust

N Chandrasekaran के तीसरे कार्यकाल के खिलाफ Bombay High Court जाएगा Tata Trust
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आर डी टाटा ट्रस्ट ने एन चंद्रशेखरन को फिर से टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन बनाए जाने के 17 सितंबर के फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती देने का निर्णय लिया है। दोनों ट्रस्टों का आरोप है कि नियमों के तहत जरूरी समर्थन मत न मिलने के कारण यह नियुक्ति अमान्य है। याचिकाओं में हर्जाने के साथ 18 प्रतिशत ब्याज की भी मांग की गई है।

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर डी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) बंबई उच्च न्यायालय में टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे। वे एन चंद्रशेखरन को कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती देंगे। एसडीटीटी 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करेंगे।

दोनों ट्रस्ट इस राशि पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगेंगे। दोनों ट्रस्टों की ओर से दायर किए जाने वाले मुकदमों के अनुसार, चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने का 17 सितंबर का फैसला अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन में मत नहीं मिला था। यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ।

दोनों ट्रस्ट ने बुधवार रात बंबई उच्च न्यायालय जाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी। उनका कहना है कि 17 सितंबर के बाद से इस मामले में भेजे गए पत्रों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। ट्रस्ट तत्काल राहत के तौर पर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि 30 नवंबर की बैठक में निदेशकों के बीच मतभेद होने की स्थिति में चेयरमैन अपने निर्णायक मताधिकार का इस्तेमाल न कर सकें।

नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्ट ने 17 सितंबर को पारित निदेशक मंडल के प्रस्ताव को चुनौती दी है। ट्रस्ट ने 20 सितंबर को जारी बयान में कहा था कि यह प्रस्ताव वैध रूप से पारित नहीं हुआ और इसका कोई कानूनी प्रभाव नहीं है।

इस विवाद के केंद्र में टाटा संस के अंतर्नियम और ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों को दिए गए विशेष अधिकार हैं। टाटा संस के निदेशक मंडल में ट्रस्ट के दो नामित निदेशक नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं। 17 सितंबर को नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ मतदान किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके समर्थन में मतदान किया था।

ट्रस्ट के अनुसार, दोनों नामित निदेशकों का इस फैसले के समर्थन में मतदान करना जरूरी था। ट्रस्ट ने सितंबर में जारी बयान में कहा था कि टाटा संस के अंतर्नियमों के मुताबिक, टाटा ट्रस्ट की ओर से नामित कम से कम अधिकतर निदेशकों का समर्थन मिले बिना कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। उसने कहा था कि अंतर्नियमों में यह एक अलग शर्त है और निदेशक मंडल का कोई फैसला केवल निदेशकों की कुल संख्या के आधार पर नहीं लिया जा सकता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़