6 साल बाद घाटे से निकली Vodafone Idea, कमाया ₹51,970 करोड़ का Super Profit

Vodafone Idea
Instagram
एकता । May 17 2026 5:00PM

टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया ने एजीआर देनदारी में समायोजन के कारण छह साल में पहली बार ₹51,970 करोड़ का तिमाही मुनाफा कमाया है। इस मुनाफे के साथ ही कंपनी की परिचालन आय और आरपू में भी वृद्धि हुई है, जो इसके वित्तीय पुनरुद्धार का एक मजबूत संकेत है।

संकट के दौर से गुजर रही देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया ने इस बार शानदार तिमाही नतीजे पेश किए हैं। कंपनी सालों के घाटे से उबरकर अब भारी मुनाफे में आ गई है। वित्त वर्ष 2025-26 की आखिरी तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी को 51,970 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है। पिछले लगभग छह सालों में यह पहला मौका है जब कंपनी मुनाफे में आई है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि यह मुनाफा मुख्य रूप से एजीआर बकाये में मिली बड़ी राहत की वजह से हुआ है। आपको बता दें कि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में कंपनी को 7,167 करोड़ रुपये का भारी घाटा हुआ था।

एजीआर मामले में मिली बड़ी राहत

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि दूरसंचार विभाग ने पहले 31 दिसंबर 2025 तक वोडाफोन आइडिया पर एजीआर का बकाया 87,695 करोड़ रुपये बताया था। इसके बाद, विभाग की एक विशेष समिति ने दोबारा जांच कर साल 2006-07 से 2018-19 तक की अवधि के लिए इस बकाये को घटाकर 64,046 करोड़ रुपये तय कर दिया।

इस राहत के बाद, भारतीय लेखा मानकों के नियमों के अनुसार कंपनी की पुरानी वित्तीय देनदारी में से 80,502 करोड़ रुपये हटा दिए गए और नई देनदारी सिर्फ 24,880 करोड़ रुपये दर्ज की गई। इस पूरे बदलाव के कारण जो 55,622 करोड़ रुपये का बड़ा अंतर आया, उसे कंपनी के लाभ-हानि खाते में जोड़ दिया गया, जिससे कंपनी का मुनाफा अचानक बढ़ गया।

इसे भी पढ़ें: CNG Price Hike: 48 घंटे में दूसरी बार महंगी हुई सीएनजी, पहली बार 80 रुपये के पार पहुंची

कामकाज से होने वाली कमाई भी बढ़ी

इस तिमाही में कंपनी की कामकाज से होने वाली कमाई भी करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 11,332 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 11,229 करोड़ रुपये थी। एजीआर की देनदारी कम होने का फायदा कंपनी को पूरे साल के नतीजों में भी मिला। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में वोडाफोन आइडिया ने 34,552 करोड़ रुपये का कुल शुद्ध लाभ कमाया है, जबकि इससे पिछले साल कंपनी को 27,384 करोड़ रुपये का बड़ा नुकसान हुआ था। पूरे साल की कुल ऑपरेटिंग इनकम भी तीन प्रतिशत बढ़कर 44,782 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।

प्रति ग्राहक औसत कमाई में रिकॉर्ड सुधार

इस तिमाही के दौरान कंपनी का एबिटडा 4,889 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 4.9% ज्यादा है। कंपनी का आरपू यानी हर ग्राहक से होने वाली औसत कमाई भी बढ़कर 190 रुपये हो गई है, जो पिछले साल 175 रुपये थी। इसमें सालाना आधार पर 8.3% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसे कंपनी ने टेलीकॉम इंडस्ट्री में सबसे बेहतर बताया है। इसके साथ ही कंपनी के 4G और 5G ग्राहकों की संख्या भी बढ़कर 128.9 मिलियन (करीब 12.89 करोड़) हो गई है, जो पिछले साल 126.4 मिलियन थी।

इसे भी पढ़ें: Air India पर दोहरी मार! महंगा Fuel और Pakistan का बंद एयरस्पेस, रोजाना 100 उड़ानें हुईं कम।

वोडाफोन के शेयर में तेजी

शानदार नतीजों के बीच वोडाफोन आइडिया के शेयर में भी अच्छी मजबूती देखी जा रही है। पिछले महज 5 दिनों में कंपनी के शेयर करीब 12.24% चढ़ चुके हैं, वहीं पिछले 1 महीने में इसमें 34.55% की शानदार तेजी आई है।

एक्सपर्ट्स की सलाह

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर अभी ऊपर की ओर जा रहा है और इस बेहतरीन रिजल्ट के बाद इसमें और तेजी आ सकती है। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने छोटे निवेशकों को सलाह दी है कि वे जल्दबाजी में एकदम से सारा पैसा लगाने से बचें। जो लोग लंबे समय के लिए निवेश करना चाहते हैं, उन्हें ही इस शेयर में पैसा लगाना चाहिए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़