Prashant Kishor ने उठाई मांग, बिहार विधानसभा की कार्यवाही साल में कम से कम 190 दिन चले

जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को पटना में सर्वदलीय बैठक के बाद सदन की कार्यप्रणाली में सुधार की वकालत की। उन्होंने कहा कि विधायी कार्यवाही के दिनों में लगातार आ रही कमी चिंताजनक है और सरकार को दिए गए आश्वासनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को विधानसभा की बैठक साल में कम से कम 190 दिन आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विधायी कार्यवाही के दिनों में लगातार कमी आ रही है और सदन में सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। किशोर ने विधानसभा के आगामी सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद पत्रकारों से कहा कि बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा की बैठक 2010 से 2015 के बीच 189 दिन, 2015 से 2020 के बीच 154 दिन और पिछली विधानसभा के कार्यकाल में महज 146 दिन हुई। किशोर ने कहा, “विधायी कार्यवाही पर्याप्त दिनों तक होनी चाहिए। महज चार-पांच दिन का सत्र आयोजित करने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
सदन की बैठक साल में कम से कम 190 दिन होनी चाहिए, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए जा सकें।” उन्होंने कहा, “सदन में मंत्रियों और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन पूरे नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसी तरह, अगर विभागीय अधिकारी विधायकों के सवालों के गलत या भ्रामक जवाब देते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।” किशोर ने सुझाव दिया कि विधानसभा अध्यक्ष का कार्यालय पिछले 20 वर्षों के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से दिए गए जवाबों की समीक्षा करे और गलत जवाब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ले। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सवाल दाखिल करने में कुछ विधायकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी उठाया।
किशोर ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण विधायकों को सदन में सवाल उठाने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, इसके लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित करने की जरूरत है।
अन्य न्यूज़













