"बेटे की मेहनत रंग लाई", Team India में Vaibhav Suryavanshi के चयन पर भावुक हुआ परिवार

 Vaibhav Suryavanshi
ANI

बिहार के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टी20 टीम में चयनित होकर इतिहास रच दिया है, जिससे वह सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया, जिस पर उनके परिवार ने इसे वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।

 बिहार के 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए भारतीय टी20 टीम में चयन पर उनके परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत अब रंग ला रही है। सूर्यवंशी को शनिवार को भारतीय टीम में चुना गया। वह 15 साल और 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में स्थान बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सचिन तेंदुलकर रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले सूर्यवंशी उस भारतीय टीम का हिस्सा होंगे जो दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों (26 जून और 28 जून) के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। इसके बाद यह टीम एक से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बचपन से ही उसने जो कड़ी मेहनत की है, उसका फल अब मिल रहा है।

देश के लिए खेलने का मौका मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। मेरी इच्छा आज पूरी हो गई।‘‘ उन्होंने अपने बेटे पर भरोसा जताने के लिए चयनकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस युवा क्रिकेटर को ‘‘अब बस उस भरोसे पर खरा उतरने की जरूरत है।’’ वैभव की दादी उषा सिंह ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है कि मेरा पोता भारत की सीनियर टीम की तरफ से खेलने की उपलब्धि हासिल करने वाला है।’’

वैभव के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि उनके चयन से पूरे देश में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इससे अधिक की क्या उम्मीद कर सकते थे। मैं चयनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और वैभव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।’’ सूर्यवंशी का टीम में शामिल होना लगभग तय था, क्योंकि उन्होंने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़