Mahela Jayawardene ने Mumbai Indians के Head Coach पद से दिया इस्तीफा, फ्रेंचाइजी ने की पुष्टि

श्रीलंका के दिग्गज महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके पहले कार्यकाल में टीम ने तीन आईपीएल खिताब जीते थे। फ्रेंचाइजी मालिक नीता अंबानी ने उनके योगदान के लिए आभार जताया, जबकि मुंबई को 15 नवंबर से पहले नया मुख्य कोच नियुक्त करना होगा।
श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने ने पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। जयवर्धने जब पहली बार मुंबई के मुख्य कोच बने थे तब उनकी टीम ने तीन खिताब जीते थे। उन्होंने इसके बाद 2025 के सत्र से पहले फिर से मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले उन्होंने 2017 से 2022 तक मुंबई को कोचिंग दी थी।’’
मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी ने बयान में कहा, ‘‘महेला ने वर्षों से मुंबई इंडियंस में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका शांतचित्त रहकर नेतृत्व करना, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है। मैं मुंबई इंडियंस के परिवार की तरफ से महेला का उनके वर्षों के अमूल्य योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करती हूं।’’
जयवर्धने ने भी टीम के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए फ्रेंचाइजी और उसके मालिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई इंडियंस पिछले एक दशक से मेरे सफर का एक बेहद खास हिस्सा रही है। खिलाड़ी, कोचिंग टीम, ‘वनफैमिली’ का अविश्वसनीय समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इसे ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।’’
जयवर्धने के मुख्य कोच के रूप में पहले कार्यकाल में मुंबई इंडियंस को 2017, 2019 और 2020 में तीन आईपीएल खिताब जीते थे। उन्हें 2025 के सत्र से पहले मार्क बाउचर की जगह फिर से मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2025 में चौथे स्थान पर रही थी जबकि 2026 में उसका अभियान अच्छा नहीं रहा और पांच बार की चैंपियन टीम नौवें स्थान पर रही थी।
मुंबई इंडियंस को अब 15 नवंबर को आईपीएल में खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तिथि से पहले नया मुख्य कोच नियुक्त करना होगा। आईपीएल की नीलामी दिसंबर में गोवा में होने की उम्मीद है।
अन्य न्यूज़













