Mumbai Police ने 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में फरार महिला को Kochi से पकड़ा

Mumbai Police ने 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में फरार महिला को Kochi से पकड़ा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के एर्नाकुलम जिले से 34 वर्षीय श्रुति सी. आर. को 57 दिन फरार रहने के बाद पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी महिला पर एक साथी के साथ मिलकर अपनी कंपनी के करीब दो करोड़ रुपये गबन करने का आरोप है। ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद उसे कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र ले जाया गया है।

मुंबई के माहिम थाने में दर्ज दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी एक महिला को केरल के कोच्चि से स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान एर्नाकुलम जिले के कुलशेखरपुरम में रहने वाली श्रुति सी. आर. (34) के रूप में हुई है।

वह इस मामले में दूसरी आरोपी है। उस पर और एक अन्य कर्मचारी पर कंपनी के करीब दो करोड़ रुपये का गबन करने का आरोप है। कंपनी के प्रबंध निदेशक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहली आरोपी श्रुति संजय वलावलकर को मुंबई पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। वह कंपनी के मुंबई कार्यालय में काम करती थी। मामला दर्ज होने के बाद कंपनी की कोच्चि शाखा में काम करने वाली श्रुति सी. आर. छिप गई थी और 57 दिन से फरार थी।

पुलिस ने बताया कि मुंबई पुलिस ने महिला का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए एर्नाकुलम सेंट्रल के सहायक पुलिस आयुक्त से मदद मांगी थी। सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में एक टीम ने शुक्रवार को महिला का पता लगाकर उसे कक्कनाड के निलमपथिंजामुगल स्थित सोलास विलेज अल्फा रेजिडेंसी से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह कथित तौर पर छिपकर रह रही थी। पुलिस ने बताया कि बाद में महिला को माहिम पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसने उसे कक्कनाड स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया।

अदालत से ट्रांजिट वारंट हासिल करने के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई के लिए महिला को मुंबई ले गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़