IPL 2027 Mini Auction से पहले Rajasthan Royals और LSG में होगी बड़ी ट्रेड डील

Rajasthan Royals
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Nov 6 2026 10:33PM

आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली पर बातचीत चल रही है। इस संभावित सौदे में लखनऊ का एक तेज गेंदबाज और स्पिनर शामिल हो सकता है। वहीं राजस्थान रॉयल्स अपने एक या दो बल्लेबाजों अथवा ऑलराउंडर खिलाड़ियों को लखनऊ भेज सकती है।

आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। दोनों टीमें अगले सीजन के लिए अपनी कमजोरियों को दूर करने और टीम को बेहतर बनाने की तैयारी में जुटी हैं। इसी कड़ी में दोनों फ्रेंचाइजी के बीच कई खिलाड़ियों को लेकर एक बड़ा सौदा होने की संभावना जताई जा रही है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बातचीत अब आखिरी दौर में पहुंच चुकी है और जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स की नजर लखनऊ सुपर जायंट्स के एक तेज गेंदबाज पर है, जिसने पिछले सीजन में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। राजस्थान इस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करना चाहता है। इसके अलावा लखनऊ का एक स्पिन गेंदबाज भी इस संभावित सौदे का हिस्सा बन सकता है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच फिलहाल सैद्धांतिक सहमति बनी है। किन खिलाड़ियों की अदला-बदली होगी, उनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स पिछले सीजन में अपनी बल्लेबाजी से काफी परेशान रही थी। टीम का गेंदबाजी विभाग उसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा था, खासकर तेज गेंदबाजों ने कई मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में लखनऊ अब अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी अपने एक या उससे अधिक गेंदबाजों को छोड़ने के लिए तैयार है, ताकि टीम में बल्लेबाजी के विकल्प बढ़ाए जा सकें।

दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स के पास बल्लेबाजों और हरफनमौला खिलाड़ियों के अच्छे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में टीम अपने एक या 2 खिलाड़ियों को इस सौदे में शामिल कर सकती है। इनमें एक बल्लेबाज और एक हरफनमौला खिलाड़ी हो सकता है या फिर इन दोनों में से किसी एक को ही दूसरी टीम के साथ भेजा जा सकता है। राजस्थान की कोशिश अपनी जरूरत के हिसाब से टीम का संतुलन बेहतर करने की है।

गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के पास पिछले सीजन में तेज गेंदबाजों की मजबूत फौज थी। इसमें प्रिंस यादव, आवेश खान, मोहसिन खान, एनरिक नॉर्खिया, आकाश सिंह और अर्जुन तेंदुलकर जैसे नाम शामिल थे। अनुभवी मोहम्मद शमी भी इस गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे थे। इसके बावजूद टीम बल्लेबाजी में वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसकी उससे उम्मीद थी।

मौजूद जानकारी के अनुसार, गेंदबाजी औसत के मामले में लखनऊ के तेज गेंदबाज 10 टीमों में 7वें स्थान पर रहे थे, लेकिन कम रन खर्च करने के मामले में टीम सबसे आगे थी। यानी लखनऊ के गेंदबाज कम रन तो दे रहे थे, लेकिन विकेट लेने के मामले में उनका प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा। इसके उलट बल्लेबाजी में टीम सबसे कमजोर साबित हुई। लखनऊ का बल्लेबाजी औसत और रन बनाने की गति, दोनों 10 टीमों में सबसे नीचे रहे।

इसी कमजोर प्रदर्शन का असर टीम के पूरे अभियान पर पड़ा और लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर रही। अब फ्रेंचाइजी नए सीजन से पहले बल्लेबाजी को अपनी पहली प्राथमिकता बना रही है। वहीं राजस्थान रॉयल्स भी अपनी टीम में जरूरी बदलाव करना चाहती है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला यह संभावित सौदा आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली का बड़ा मामला बन सकता है और इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़