Indonesia के तट पर आया 7.7 तीव्रता का भूकंप, तटीय इलाकों में Tsunami अलर्ट जारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप के पास शनिवार सुबह 10 किलोमीटर की गहराई में भीषण भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई है, जिसका केंद्र एंडे शहर से 68 किलोमीटर दूर था। घटना के बाद स्थानीय मौसम एजेंसी ने समुद्र तटीय इलाकों के निवासियों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

इंडोनेशिया के तट पर शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने यह जानकारी दी। इस भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की अभी कोई खबर नहीं मिली है।

भूकंप शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी की है तथा लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने का आग्रह किया है।

एजेंसी ने बताया कि समुद्र के भीतर कम गहराई पर आया यह भूकंप फ्लोरेस द्वीप के पास केंद्रित था। प्रभावित तटीय इलाकों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। करीब 17,000 द्वीपों वाला विशाल द्वीपसमूह इंडोनेशिया प्रशांत महासागर क्षेत्र में ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़