Pakistan के Airstrike का Afghanistan ने लिया बदला, Durand Line पर भारी गोलाबारी से बढ़ा तनाव

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के नंगरहार और पक़्तिया प्रांतों में हुए हवाई हमलों के प्रतिशोध में एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की घोषणा की है, जिसके तहत डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है। इस घटनाक्रम ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों में तनाव को खतरनाक स्तर तक बढ़ा दिया है, जबकि दोनों देशों के दावे एक-दूसरे से भिन्न हैं।
अफगानिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान द्वारा किये गए हवाई हमलों के जवाब में उन्होंने उसके खिलाफ हमले शुरू कर दिये हैं। अफगानिस्तान के सैन्य कोर के पूर्वी क्षेत्र के मीडिया कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि बृहस्पतिवार रात “भारी संघर्ष” शुरू हो गए हैं। उसने कहा कि ये हमले “पाकिस्तानी सेना द्वारा नंगरहार और पक़्तिया प्रांतों में किए गए हालिया हवाई हमलों” के जवाब में किए गए।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बृहस्पतिवार रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार की जाने वाली कार्रवाई के जवाब में, ‘डूरंड लाइन’ के साथ स्थित पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान शुरू किए गए।’’ दोनों देशों की 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा को ‘डूरंड लाइन’ के नाम से जाना जाता है, जिसे अफगानिस्तान ने औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है। पाकिस्तान ने इस संबंध में तत्काल कोई पुष्टि नहीं की और हताहतों की भी अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
हालांकि, पाकिस्तानी स्थानीय अधिकारियों और दो वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अफगान सीमा के साथ तैनात पाकिस्तानी सेनाएं ‘‘बिना उकसावे के की गई गोलीबारी’’ का जवाब देते हुए उन अफगान ठिकानों को निशाना बना रही हैं जहां से गोलीबारी की गई थी। पाकिस्तानी स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी की शुरुआत सीमा से लगे खैबर जिले में हुई और बाद में यह कम से कम चार अन्य जिलों में फैल गई।
पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान सीमा के पास रविवार को हमले किए थे और दावा किया था कि इनमें कम से कम 70 आतंकवादी मारे गए। अफगानिस्तान ने उस दावे को खारिज किया और कहा कि इसमें कई आम नागरिक मारे गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
अन्य न्यूज़















