Tirana में PM Edi Rama के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प

अल्बानिया की राजधानी तिराना में शनिवार को प्रधानमंत्री एदि रामा के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें कीं। देश के स्वतंत्रता दिवस की 114वीं वर्षगांठ पर मुख्य स्कैंडरबेग स्क्वायर में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। पथराव और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के बाद सुरक्षाबलों ने कड़े कदम उठाए।
पूर्वी यूरोपीय देश अल्बानिया की राजधानी में तिराना में प्रधानमंत्री एदि रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर शनिवार को उतरे प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई। अल्बानिया में लंबे समय से सरकार विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं और शनिवार की घटना इसी शृंखला की नवीनतम घटना है। पुलिस ने पथराव कर रहे और सरकारी इमारतों की खिड़कियों तथा सड़क पर लगे कैमरों को डंडों से तोड़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।
तिराना में देश की स्वंतत्रता की घोषणा की 114वीं सालगिरह पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देश और यहां तक विदेश से लोग पहुंचे। यह एक ऐसा दिन है जिसे आमतौर पर राष्ट्रीय उत्सव और सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाया जाता है। राजधानी में आने-जाने वाले मुख्य मार्गों पर पुलिस तैनात की गई थी, जो वाहनों की जांच कर रही थी।
प्रदर्शनकारी तिराना के मुख्य स्कैंडरबेग स्क्वायर में इकट्ठा हुए और ‘इस्तीफा दो!’ के नारे लगाए।
अन्य न्यूज़













