S Jaishankar पहुंचे Ethiopia, द्विपक्षीय संबंधों और रणनीतिक साझेदारी पर होगी वार्ता

विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने तीन दिवसीय अफ्रीकी दौरे के अंतिम पड़ाव के तहत कोट डी आइवर से इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे पर इथियोपिया के विदेश मामलों के राज्य मंत्री बेरहानू त्सेगाये ने उनका स्वागत किया। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता होगी और वह क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों के सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे।
अदीस अबाबा (इथियोपिया), नौ अक्टूबर भारत और इथियोपिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए वार्ता करने के उद्देश्य से विदेश मंत्री एस. जयशंकर शुक्रवार को अदीस अबाबा पहुंचे। जयशंकर अफ्रीकी देशों की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम पड़ाव के तहत कोट डी आइवर से इथियोपिया पहुंचे। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट में कहा, ‘‘नमस्कार, अदीस अबाबा!
इथियोपिया पहुंचकर बेहद खुशी हुई। गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए राज्य मंत्री बेरहानू त्सेगाये का धन्यवाद।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि वह ‘‘रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत को लेकर उत्सुक हैं।’’ हवाई अड्डे पर इथियोपिया के विदेश मामलों के राज्य मंत्री बेरहानू त्सेगाये ने जयशंकर का स्वागत किया। त्सेगाये ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, ‘‘ इस यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय वार्ता होगी, जिससे इथियोपिया और भारत के बीच बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’ उन्होंने कहा कि इन चर्चाओं का उद्देश्य ‘‘दोनों देशों के बीच बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।’’ अदीस अबाबा में जयशंकर ‘क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों’ के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।
अन्य न्यूज़















