भारतीय अमेरिकी दंपति पर मानव तस्करी का आरोप

[email protected] । Nov 18 2016 11:15AM

अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी दंपति पर मानव तस्करी के आरोप लगाये गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि उन पर विदेशी नागरिकों, विशेषकर भारतीय नागरिकों से बंधुआ मजदूरी करवाने का आरोप है।

वाशिंगटन। अमेरिका में एक भारतीय-अमेरिकी दंपति पर मानव तस्करी के आरोप लगाये गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि उन पर विदेशी नागरिकों, विशेषकर भारतीय नागरिकों से बंधुआ मजदूरी करवाने का आरोप है। अमेरिकी की फेडरल ज्यूरी ने 43 वर्षीय सतीश करतान और उसकी 38 वर्षीय पत्नी शर्मिष्ठा बराई पर बंधुआ मजदूरी करवाने की साजिश रचने और बंधुआ मजदूरी करवाने के आरोप लगाये हैं। न्याय विभाग ने गुरुवार को बताया कि करतान पर धोखाधड़ी करके विदेशी मजदूरों से संपर्क करने और बराई पर बंधुआ मजदूरी का लाभ लेने के आरोप लगाए गए हैं।

दोषी पाए जाने पर दोनों आरोपियों को अधिकतम 20-20 साल कारावास की सजा सुनाई जा सकती है और उन पर 2,50,000 डॉलर जुर्माना लगाया जा सकता है। कैलिफोर्निया के रहने वाले दंपति को एक आपराधिक शिकायत के आधार पर 21 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें विशेष शर्तों के साथ जमानत पर रिहा कर दिया गया था जिसके अनुसार उन्हें घरेलू काम अथवा बच्चे की देखभाल के लिए रिश्तेदार के अलावा किसी अन्य को रखने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मामले की आगे की सुनवाई 21 नवंबर को होगी।

अदालत के दस्तावेजों के अनुसार 21 फरवरी 2014 से तीन अक्तूबर 2016 के बीच करतान और बराई ने अमेरिका में अलग अलग स्थानों पर अपने मकानों में घरेलू काम करने के लिए विदेशों से कामगार काम पर रखे थे। संघीय अभियोजकों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कामगारों की तलाश के लिए इंटरनेट एवं भारत के समाचार पत्र में विज्ञापन दिये थे जिसमें उन्होंने कर्मी के काम एवं वेतन के बारे में गलत जानकारी दी। इसमें कहा गया, ‘‘कर्मियों के आरोपियों के पास पहुंचने के बाद करतान और बराई ने उन्हें एक दिन में 18 घंटे तक काम करने के लिए बाध्य किया और उन्हें आराम के लिए बहुत कम समय और बहुत थोड़ा खाना दिया जाता था। इसके अलावा आरोपी उन्हें काम के बदले कोई भुगतान नहीं करते थे और उन्हें पीटते भी थे।’'

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़