Khyber Pakhtunkhwa के पुलिस स्टेशन पर फिदायीन हमला टला, जवानों की जवाबी फायरिंग से भागे हमलावर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले में देर रात सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से पुलिस थाने पर हुआ आत्मघाती हमला नाकाम हो गया। हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी थाने के मुख्य द्वार से टकरा दी, जिससे गेट और चारदीवारी नष्ट हो गई तथा पास की मस्जिद क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मियों की तुरंत जवाबी फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और किसी जवान को चोट नहीं आई।

पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बृहस्पतिवार तड़के सुरक्षा बलों ने एक पुलिस थाने पर आत्मघाती हमला नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने देर रात एक बजकर 44 मिनट पर डेरा इस्माइल खान जिले के बंदकोराई पुलिस थाने के मुख्य द्वार पर विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकरा दी, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।

विस्फोट से थाने का मुख्य द्वार नष्ट हो गया और चारदीवारी का एक हिस्सा ढह गया। पास की एक मस्जिद भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा। इससे इलाके में भय और दहशत फैल गई।

थाने के अंदर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिससे हमलावर परिसर में दाखिल नहीं हो सके और उन्हें वहां से भागना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। हमलावरों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।

घटना के सीसीटीवी फुटेज में विस्फोट का समय और उससे जुड़ी घटनाएं दिखाई दीं। हमले के बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने इलाके की घेराबंदी कर फरार हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़