ओबामा ने पॉप स्टार प्रिंस के निधन पर शोक व्यक्त किया

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने महान पॉप स्टार प्रिंस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अपने समय का ‘‘सबसे प्रतिभाशाली एवं रचनात्मक’’ संगीतकार करार दिया है। ओबामा ने अपने और देशवासियों की ओर से शोक व्यक्त करते हुए गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘‘विश्व ने आज एक रचनात्मक आइकन को खो दिया।’’
ओबामा इस समय तीन देशों- सऊदी अरब, इंग्लैंड और जर्मनी की छह दिवसीय यात्रा पर हैं। प्रिंस के नाम से मशहूर पॉप संगीत के सुपरस्टार प्रिंस रोजर्स नेल्सन गुरुवार को उपनगर मिनियापोलिस में अपने घर में मृत पाए गए। वह 57 वर्ष के थे। ओबामा ने कहा, ‘‘मैं और मिशेल प्रिंस के अचानक निधन से शोक में डूबे विश्वभर के उनके प्रशंसकों के साथ हैं।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे कलाकार कम ही होते हैं जिन्होंने अपनी कला के शिखर को छुआ हो या अपनी प्रतिभा से इतने अधिक लोगों के दिलों में जगह बनाई हो।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे समय के सबसे प्रतिभाशाली और रचनात्मक संगीतकारों में से एक प्रिंस ने यह सब कुछ किया। फंक..आर एंड बी..रॉक एंड रोल। वह वाद्य यंत्रों में प्रवीण, बैंड के एक बेहतरीन नेतृत्वकर्ता और एक जादुई कलाकार थे।’’ ओबामा ने कहा, ‘‘प्रिंस ने एक बार कहा था, ‘एक मजबूत व्यक्तित्व नियमों से परे होता है’- और उनका व्यक्तित्व बेहद मजबूत, साहसी या कलात्मक था। हमारी संवेदनाएं उनके परिजन, बैंड और उन्हें प्यार करने वाले सभी लोगों के साथ हैं।’’ स्थानीय पुलिस के अनुसार प्रिंस गुरुवार को एक एलीवेटर पर बेहोश पाए गए थे और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उनका आज पोस्टमार्टम होना है। उन्हें 2004 में रिक एंड रोल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। डाउनटाउन मिनियापोलिस में फर्स्ट एवेन्यू संगीत क्लब ने कहा, ''हमारा दिल टूट गया है।’’
अन्य न्यूज़