Balochistan में अज्ञात हमलावरों ने 11 कोयला खदान मजदूरों को अगवा कर मार डाला

Balochistan में अज्ञात हमलावरों ने 11 कोयला खदान मजदूरों को अगवा कर मार डाला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कोहलू जिले के चामलांग से अज्ञात चरमपंथियों ने कोयला खदान मजदूरों के दो वाहनों पर हमला कर 11 लोगों को अगवा कर लिया। बाद में पास की हौसरी पहाड़ियों से सभी मजदूरों के शव बरामद हुए। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को अज्ञात चरमपंथियों ने कोयला खदान में काम करने वाले 11 मजदूरों का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक तैयब इकबाल के अनुसार, हमलावरों ने कोहलू जिले के चामलांग इलाके में कोयला खदान के मजदूरों को ले जा रहे दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया और उन्हें पास के हौसरी पहाड़ों पर ले गए।

उन्होंने कहा, ‘‘बाद में उसी इलाके से उनके शव बरामद किए गए।’’ अभी तक किसी भी चरमपंथी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मारे गए मजदूरों में से चार की पहचान जियारत जिले के डुकी इलाके के स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है।

अफगानिस्तान की सीमा से सटे बलूचिस्तान प्रांत में हाल के वर्षों में अपहरण और आम नागरिकों तथा सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसके कारण सरकार ने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़