Jammu में स्वतंत्र NLU न मिलने पर सियासत तेज, Congress ने BJP पर साधा निशाना

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का मुख्यालय बडगाम में रखने की अधिसूचना जारी करने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने जम्मू को केवल एक परिसर देने पर भाजपा की विफलता को जिम्मेदार ठहराया। वहीं भाजपा ने इस फैसले का विरोध करते हुए जम्मू के लिए स्वतंत्र संस्थान की मांग पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया है।

कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू के लिए अलग राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की मंजूरी नहीं दिला पाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रविवार को आलोचना की, जबकि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि वह इस क्षेत्र में एक स्वतंत्र विश्विद्यालय स्थापित करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस का यह बयान जम्मू-कश्मीर सरकार के विधि, न्याय और संसदीय कार्य विभाग द्वारा एनएलयू की स्थापना की अधिसूचना जारी किये जाने के एक दिन बाद आया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना 30 नवंबर से प्रभावी होगी, जिसके तहत विश्वविद्यालय का मुख्यालय कश्मीर का बडगाम होगा जबकि जम्मू में संस्थान का एक परिसर होगा।

यहां कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा और पूर्व मंत्री योगेश साहनी सहित पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर जम्मू के लिए ‘घड़ियाली आंसू’ बहाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जम्मू को उसके वाजिब अधिकार दिलाने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा केंद्रीय गृह मंत्रालय के माध्यम से केंद्र शासित प्रदेश के कामकाज को नियंत्रित करती है और केंद्र में सत्ता में है, वह इस फैसले की जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

इस बीच, भाजपा ने जम्मू को केवल एनएलयू का एक परिसर देने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि क्षेत्र एक स्वतंत्र विश्वविद्यालय का हकदार है। यहां पार्टी मुख्यालय में एक अलग संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ पार्टी नेता और विधायक शामलाल शर्मा ने कहा कि प्रमुख संस्थानों में अपने जायज हिस्से के लिए जम्मू को बार-बार संघर्ष करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने इस संदर्भ में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और केंद्रीय विश्वविद्यालय से जुड़े पुराने विवादों का हवाला दिया।

उधमपुर पूर्व के विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने जम्मू को केवल एक परिसर तक सीमित रखने के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने दलील दी कि ‘जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय अधिनियम, 2018’ की धारा 3(1) सरकार को ‘एक या अधिक विश्वविद्यालय’ स्थापित करने का अधिकार देती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़