Ranjeev Puri बने Michigan House के पहले भारतीय-अमेरिकी स्पीकर

Ranjeev Puri बने Michigan House के पहले भारतीय-अमेरिकी स्पीकर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता रंजीव पुरी को मिशिगन की प्रतिनिधि सभा का नया अध्यक्ष चुना गया है, जिसके साथ ही वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। 42 वर्षीय पुरी ने इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी के लिए सदन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वह राज्य में स्वास्थ्य देखभाल और आवास की लागत कम करने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, छह नवंबर डेमोक्रेटिक पार्टी के रंजीव पुरी को मिशिगन हाउस का अध्यक्ष चुना गया है और वह इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी हैं। पुरी ने बृहस्पतिवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “आज मिशिगन हाउस के मेरे साथी सदस्यों द्वारा अध्यक्ष चुने जाने पर मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं।” पुरी (42) को बृहस्पतिवार को मिशिगन की प्रतिनिधि सभा का अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने कहा कि वह सीनेट के नवनिर्वाचित बहुमत नेता डैरिन कैमिलेरी और नवनिर्वाचित गवर्नर जोसेलिन बेन्सन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हैं, ताकि चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा, “मुझ पर भरोसा जताने के लिए अपने साथी सदस्यों का धन्यवाद। काम शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं।” पुरी 2020 में मिशिगन की प्रतिनिधि सभा के लिए चुने जाने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने थे। पंजाबी प्रवासी माता-पिता के घर जन्मे पुरी को 2025 में रिपब्लिकन के नियंत्रण वाले 110 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था।

पुरी ने कहा, “जब मेरे माता-पिता इस देश में आए थे, तब उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी कि उनका बेटा एक दिन इतिहास रचेगा, बाधाओं को तोड़ेगा और मिशिगन हाउस का नेतृत्व करेगा। यही अमेरिका का वादा है।” पुरी ने 2008 और 2012 में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव अभियानों में काम किया था। बाद में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए किया और मिशिगन लौट आए, जहां उन्होंने ऑटोमोबाइल उद्योग में काम किया।

राज्य की प्रतिनिधि सभा में अपने तीसरे कार्यकाल में पुरी को 2025 में सदन में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था। अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रीय संगठन ‘इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट’ के कार्यकारी निदेशक चिंतन पटेल ने कहा, “रंजीव पुरी को फिर से निर्वाचित होने और साथी सदस्यों द्वारा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई। रंजीव ने स्वास्थ्य देखभाल से लेकर आवास तक, हर क्षेत्र में लागत कम करने को अपने काम का प्रमुख हिस्सा बनाया है।” पटेल ने कहा कि दक्षिण एशियाई समुदायों को निशाना बनाकर बढ़ती नफरत के इस दौर में पुरी समुदायों और मिशिगन के सभी निवासियों की सुरक्षा के लिए भी काम करेंगे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तथा ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (एमएजीए) के एजेंडे को रोकने का प्रयास करेंगे।

पटेल ने कहा, “पुरी के नेतृत्व में हमें पूरा भरोसा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य महंगाई कम करेंगे और मिशिगन के परिवारों के लिए जीवन को अधिक किफायती बनाएंगे। हमारे संगठन ने शुरुआत में ही पुरी का समर्थन किया था और हमें उन्हें अपना मित्र कहने पर गर्व है। हम मिशिगन के लोगों के लिए काम करने में उनके साथ सहयोग करने को लेकर उत्सुक हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़