तबाही की कगार पर यूक्रेन! रूस ने बड़े शहर ओडेसा में की बमबारी, पुतिन वार्ता के लिए ईरान गए

Russia bombs
Prabhasakshi

रूस के सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा के आसपास के गांवों पर मिसाइल दागकर इमारतों, एक स्कूल और एक सामुदायिक केंद्र को निशाना बनाया। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के अनाज के निर्यात को खोलने के लिए संयुक्त राष्ट्र समर्थित प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए ईरान में हैं।

कीव। रूस के सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा के आसपास के गांवों पर मिसाइल दागकर इमारतों, एक स्कूल और एक सामुदायिक केंद्र को निशाना बनाया। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के अनाज के निर्यात को खोलने के लिए संयुक्त राष्ट्र समर्थित प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए ईरान में हैं। रूसी सेना ने ओडेसा क्षेत्र में सात कैलिबर क्रूज मिसाइल दागी।

इसे भी पढ़ें: सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल और जेट ईंधन पर अप्रत्याशित लाभ करों में कटौती की

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बिलेंके गांव पर हमले का लक्ष्य सैन्य ठिकाना था और ‘‘अमेरिका तथा यूरोपीय देशों द्वारा आपूर्ति किए गए हथियारों के डिपो को नष्ट कर दिया गया।’’ यूक्रेन के एक स्थानीय अधिकारी ने रूस के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि हमले में छह लोग घायल हो गए। ओडेसा क्षेत्रीय सरकार के स्पीकर सर्हेई ब्राटचुक ने यूक्रेन के टेलीविजन चैनल से कहा, ‘‘रिहायशी क्षेत्र पर हमले किए गए। उनका एकमात्र लक्ष्य लोगों और प्रशासन को डराना तथा हमेशा तनाव बनाए रखना है।’’ रूस की सेना ने हालिया हफ्तों में ओडेसा और दक्षिण यूक्रेन के कई हिस्सों को निशाना बनाया है जहां उसके सैनिकों ने युद्ध के शुरुआती दिनों में नियंत्रण बनाया था। इन क्षेत्रों पर यूक्रेन के संभावित जवाबी हमलों के मद्देनजर रूस ने हमले तेज किए हैं।

इसे भी पढ़ें: लद्दाख गतिरोध को सुलझाने के लिए भारत-चीन सैन्य वार्ता रचनात्मक, दूरंदेशी : बीजिंग

यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश भर में रूसी सैनिकों की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। इस बीच, पूर्वी हिस्से में यूक्रेन के सैनिक क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्सक में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। दोनेत्सक के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने टेलीविजन पर कहा, ‘‘मिसाइल हमलों से शहरों के बुनियादी ढांचे को व्यवस्थित रूप से नष्ट किया जा रहा है और आवश्यक सुविधाओं से वंचित नागरिक आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित है।’’

वहीं, ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने युद्ध को लेकर अपने आकलन में कहा कि रूस आक्रमण की शुरुआत से ही प्रभावी क्षमता दिखाने में संघर्ष कर रहा है और दिन बीतने के साथ यह समस्या गंभीर होती जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना आगे कुछ और क्षेत्रों पर नियंत्रण बना ले लेकिन उसकी युद्धक क्षमता कमजोर हुई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़