Riyadh Airport Attack में घायल एक और भारतीय ने तोड़ा दम, कुल मृतकों की संख्या 14 हुई

Riyadh Airport Attack में घायल एक और भारतीय ने तोड़ा दम, कुल मृतकों की संख्या 14 हुई
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में घायल एक और भारतीय नागरिक की आईसीयू में मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इस नई मौत के बाद हमले में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

दुबई, चार नवंबर सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अत्यंत दुख के साथ हम यह जानकारी दे रहे हैं कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक का आईसीयू में निधन हो गया है।’’ इसने कहा, ‘‘हम शुरू से ही उनके परिवार के संपर्क में रहे और अब भी उनके साथ हैं। हम परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’ दूतावास ने कहा कि वह शव को भारत पहुंचाने, या परिवार की इच्छा के अनुसार रियाद में ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।

हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इस हमले में जान गंवाने वाले पहले भारतीय नागरिक की पहचान मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई थी, जिनका 12 अक्टूबर को रियाद में अंतिम संस्कार किया गया था। भारतीय दूतावास ने 23 अक्टूबर को अद्यतन जानकारी में कहा था कि दो घायल भारतीय नागरिक अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जबकि दो अन्य लोगों का अस्पताल के सामान्य वार्ड में इलाज किया जा रहा है।

तब तक सात घायल भारतीयों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी थी। सऊदी अरब ने 10 अक्टूबर के हमले के लिए यमन के ईरान-समर्थित हुती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि इस समूह ने आधिकारिक तौर पर इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। नागर विमानन प्राधिकरण, सऊदी अरब ने शुरुआत में बताया था कि इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए।

हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई थी, और अब एक अन्य भारतीय नागरिक की मौत से यह संख्या 14 हो गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़