भारत के साथ ईटीसीए पर इस साल करेंगे हस्ताक्षरः विक्रमसिंधे

श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा कि भारत के साथ आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इस समझौते से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

नयी दिल्ली। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा कि भारत के साथ आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग समझौते (ईटीसीए) पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इस समझौते से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यहां भारत आर्थिक शिखर सम्मेलन में कहा, ‘‘प्रस्तावित ईटीसीए पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर किये जाएंगे.. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैंने यह फैसला किया है कि इसे इस साल के अंत तक निश्चित रूप से अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचाया जाना है।’’ विक्रमसिंघे ने इस मौके पर श्रीलंका तथा दक्षिण भारतीय राज्यों के लिये इस समझौते के लाभ का जिक्र किया। 

उन्होंने कहा कि पांच राज्यों- कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और तेलंगाना..की आबादी 25 करोड़ है और संयुक्त रूप से जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) करीब 450 अरब डालर है। श्रीलंका की 2.2 करोड़ आबादी तथा 80 अरब डालर की अर्थव्यवस्था के साथ इस उप-क्षेत्र का जीडीपी 500 अरब डालर होगा। श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल्पना कीजिए, अगर हम साथ मिलकर काम करें तो क्या होगा..।’’ उन्होंने कहा कि ईटीसीए के पास 500 अरब डालर की उप-क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि को बढ़ावा देने की क्षमता है। ईटीसीए से श्रीलंका की भारत के तीव्र वृद्धि वाले बाजार तक बेहतर पहुंच होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारत-श्रीलंका मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) को आगे बढ़ाया जाएगा और इसमें वस्तुओं के अलावा सेवा, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग को भी शामिल किया जाएगा।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़