Switzerland में हथियारों के निर्यात नियमों में ढील को मंजूरी, 55 फीसदी मतदाताओं ने दिया समर्थन

Switzerland में हथियारों के निर्यात नियमों में ढील को मंजूरी, 55 फीसदी मतदाताओं ने दिया समर्थन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

स्विट्जरलैंड में हुए एक अहम जनमत संग्रह में नागरिकों ने पश्चिमी सहयोगी देशों को हथियारों की आपूर्ति आसान बनाने वाले प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। आधिकारिक नतीजों के अनुसार 55 प्रतिशत मतदाताओं ने इन बदलावों के पक्ष में मतदान किया। सरकार का मानना है कि इस कदम से देश का रक्षा उद्योग और सैन्य क्षमता सुदृढ़ होगी।

स्विट्जरलैंड के मतदाताओं ने रविवार को हथियारों के निर्यात से जुड़े सख्त नियमों में ढील देने के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके तहत पश्चिमी सहयोगी देशों को हथियारों के निर्यात पर लगी पाबंदियां कम की जाएंगी। यह जनमत संग्रह देश की चर्चित तटस्थता नीति की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा था।

संघीय सरकार और इस प्रस्ताव के अन्य समर्थकों का कहना था कि स्विट्जरलैंड के रक्षा उद्योग और सैन्य क्षमता को मजबूत करने के लिए इन नियमों में बदलाव जरूरी था। वहीं, आलोचकों ने आशंका जताई कि इससे चरमपंथी संगठनों और कानून-कायदों की परवाह न करने वाले देशों के लिए स्विस हथियारों तक पहुंच आसान हो जाएगी। रविवार को घोषित अंतिम नतीजों के मुताबिक, करीब 55 फीसदी मतदाताओं ने इस सुधार के पक्ष में मतदान किया।

यह मतदान स्विट्जरलैंड की लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक विशिष्ट परंपरा का हिस्सा है, जिसके तहत जनता को साल में चार बार नीतिगत फैसलों पर सीधे अपनी राय देने और मतदान के जरिए निर्णय लेने का अधिकार मिलता है। स्विट्जरलैंड में हुए अन्य राष्ट्रव्यापी जनमत संग्रहों में करीब 60 फीसदी मतदाताओं ने तेज आवाज वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। इस प्रस्ताव को पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों और कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन मिला था।

वहीं, मतदाताओं ने पेंशन में बढ़ोतरी के लिए बिक्री कर बढ़ाने और विवाहित जोड़ों के लिए अधिक न्यायसंगत कर व्यवस्था सुनिश्चित करने से जुड़े प्रस्तावों को खारिज कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़